‘नर’ रूप में अवतरित हुए देवी, देवता

ऊखीमठ। विकासखण्ड मुख्यालय की निकटवर्ती ग्राम पंचायत डुगर सेमला के अन्तर्गत सेमला गाँव में ग्रामीणों के अथक प्रयासों से दुर्गा भवानी के नव निर्मित मन्दिर में आयोजित तीन दिवसीय सरलीकरण यज्ञ के दूसरे दिन 201 जल कलशों से भव्य जल कलश यात्रा निकाली गयी जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर पुण्य अर्जित किया। तीन दिवसीय सरलीकरण यज्ञ के आयोजन से तुंगनाथ घाटी का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

रविवार को तीन दिवसीय सरलीकरण यज्ञ का पूर्णाहुति के साथ समापन होगा। शनिवार को विद्वान आचार्य देवेशानन्द जमलोकी, कलाधर सेमवाल,विनोद जमलोकी व सुधीर नौटियाल ने ब्रह्म बेला पर पंचाग पूजन के तहत तैतीस कोटि देवी – देवताओं के साथ ही भगवान तुंगनाथ व दुर्गा भवानी का आवाहन कर आरती उतारी। ठीक 11 बजे नर – नारी स्थानीय वाध्य यंत्रों के साथ खेत – खलिहानों के मध्य विराजमान तुंगेश्वर महादेव प्राकृतिक जल स्रोत पर पहुंचे जहां पर पण्डित राजन सेमवाल ने 201 जल कलशों की विशेष पूजा – अर्चना कर हवन किया तथा सभी जल से भरे कलशों की आरती उतारी। जल कलश यात्रा के दुर्गा भवानी मन्दिर की ओर रवाना होते ही श्रद्धालुओं की जयकारों से सम्पूर्ण भू भाग गुजायमान हो उठा।

महिलाओं ने पौराणिक मांगल से जल कलश यात्रा की अगुवाई की।  जल कलश यात्रा के मन्दिर परिसर पहुंचने पर कई देवी – देवताओं नर रुप में अवतरित हुए तथा ग्रामीणों को आशीष दिया! कलश यात्रा के प्रधान कलश से दुर्गा भवानी का जलाभिषेक किया गया तथा शेष कल कलशों जल श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप वितरित किया गया। जल कलश यात्रा में प्रतिभाग करनी पहुंची पूर्व विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि किसी भी धार्मिक अनुष्ठान में जल कलश यात्रा की परम्परा प्राचीन है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चण्डी प्रसाद भटट् ने कहा कि किसी भी धार्मिक अनुष्ठान के पावन मौके पर निकली जल कलश यात्रा के दर्शन करने से मानव जीवन धन्य हो जाता है।

केदारनाथ धाम के प्रधान पुजारी शिव शंकर लिंग ने कहा कि जल कलश यात्रा का जल ग्रहण करने का महात्म्य गंगा स्नान के समान है! केदार सभा अध्यक्ष विनोद शुक्ला ने कहा धार्मिक अनुष्ठानों के आयोजन से क्षेत्र में खुशहाली बनी रहती है! प्रधान प्रमिला देवी ने सभी आगन्तुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डुगर व सेमला के हर प्राणी जगत के प्रयासों से नव निर्मित मन्दिर का निर्माण कार्य पूरा हो सका! मन्दिर निर्माण समिति अध्यक्ष अरविन्द रावत ने बताया कि नव निर्मित दुर्गा मन्दिर में पारेश्वर त्रिवेदी द्वारा दुर्गा भवानी की मूर्ति भेट की गयी! इस मौके पर प्रधान रासी मनोरमा देवी, वन पंचायत सरपंच देवेन्द्र सिंह रावत, ममद अध्यक्ष शर्मिला देवी, नयुमद अध्यक्ष यशवन्त चौधरी, विनोद चौधरी, केशवानन्द त्रिवेदी, महेशानन्द त्रिवेदी, किशन त्रिवेदी, कुवर सिंह पुष्वाण, महानन्द त्रिवेदी, जीतपाल चौधरी, बुद्धि सिंह चौहान, गोपाल त्रिवेदी, संजय त्रिवेदी, सुमान पुष्वाण, बलवन्त चौधरी, दीपक त्रिवेदी, अशोक त्रिवेदी, कैलाश त्रिवेदी बीरेन्द्र रावत, प्रवीन रावत, ठाकुर सिंह, सुशील चन्द त्रिवेदी, देवेन्द्र बजवाल, दिनेश तिवारी सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद थे।

  • लक्ष्मण सिंह नेगी, वरिष्ठ पत्रकार ऊखीमठ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *