एकेश्वर के ईडा गांव में अंतिम संस्कार में शामिल हुए 10 लोग मिले कोरोना पॉजिटिव
जनमंच टुडे/सतपुली।
पौड़ी जनपद के एकेश्वर ब्लाक के ईडा गांव में एक कोरोना संदिग्ध मरीज के अंतिम संस्कार में शामिल हुए 10 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। मामले की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य और राजस्व विभाग की टीम गांव के लिए रवाना हो गई है। एकेश्वर ब्लाक के ईडा गांव में कोरोना ने दस्तक दे दी है। यहां कोरोना संदिग्ध मौत के अंतिम संस्कार में शामिल हुए 10 लोगों के कोरोना से संक्रमित होने की सूचना है।सोमवार को सीएमओ पौडी के कोरोना वार रूम में एकेश्वर ब्लाक की रिपोर्ट में ईडा गांव के दस लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। रिपोर्ट आते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। जबकि ग्रामीण सहमे हुए हैं। सीएमओ कार्यालय से एकेश्वर के प्रभारी चिकित्साधिकारी और सतपुली तहसील के एसडीएम को ईडा गांव में 10 लोगों के कोरोना पॉजिटिव होने की सूचना दी गई। इसके बाद एसडीएम के निर्देश पर गांव में स्वास्थ्य कर्मियों और राजस्व कर्मियों को भेजा गया है। एकेश्वर ब्लाक की प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आरती बहल ने बताया कि एक मई को तड़के चार बजे ईडा गांव से ग्रामीणों ने उन्हें फोन कर बताया कि गांव के एक व्यक्ति को तेज बुखार और सांस लेने में दिक्कत हो रही है। इसके बाद सुबह ग्रामीण उस व्यक्ति को पीएचसी एकेश्वर लेकर आ रहे थे, लेकिन उसकी रास्ते मे ही मौत हो गई। जांच में मृत व्यक्ति में कोरोना के लक्षण पाए जाने के बाद उसका रैपिड एंटीजन टेस्ट किया गया था, जिसमें वह निगेटिव पाया गया था। मृतक के कोरोना संदिग्ध होने के कारण अस्पताल आए लोगों के उसी समय आरटीपीसीआर सैंपल लिए गए थे, शेष लोगों की गांव जाकर सैंपल लिए जाएंगे। उसी दिन गांव के लोग मृतक के अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे।

