पहली बार अलग, अलग खुलेंगे गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट
जनमंच टुडे/ उत्तरकाशी।
विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट पहली बार अलग, अलग दिवस को खुलेंगे। पहले कभी ऐसा नहीं हुआ जब दोनों के कपाट अलग, अलग खोले गए हो। इस वर्ष अक्षय तृतीय 14 की सुबह 7:30 बजे से लेकर 15 मई सुबह 7: 50 बजे तक होने के चलते चार धामों के प्रथम पड़ाव यमुनोत्री धाम के कपाट 14 मई को दोपहर 12:15 पर खुलेंगे। गंगोत्री धाम के कपाट 15 मई को सुबह 7:30 पर खुलेंगे। 14 मई को अक्षय तृतीय पर यमुनोत्री धाम के कपाट खोले जाएंगे। इसी दिन सुबह 9:15 बजे शनिदेव की अगुवाई में मां यमुना की डोली शीतकालीन प्रवास खुशी मठ से यमुनोत्री धाम के लिए प्रस्थान करेगी और ठीक 12 बजकर 15 बजे अभिजीत मुहूर्त, आर्द नक्षत्र और कर्क-मिथुन लग्न पर यमुनोत्री धाम के कपाट खोले जाएंगे। तीर्थ पुरोहितों के अनुसार 14 मई को प्रात: 11 बजकर 45 मिनट पर मां गंगा की उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास मुखबा से गंगोत्री धाम के लिए रवाना होगी, व भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर में रात्रि प्रवास करेगी। अगले दिन 15 मई सुबह पांच बजे मां गंगा की डोली गंगोत्री धाम पहुंचेगी। जहां अक्षय तृतीय के पर्व पर विधिविधान के मिथुन लग्न की शुभ बेला पर प्रात: 07 बजकर 30 मिनट पर गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जायेंगे। यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव कृर्तेश्वर उनियाल ने बताया कि यह पहली बार होगा जब यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट अलग-अलग दिन खुलेंगे।
