इन पुलिस कर्मियों की नहीं लगेगी कोविड ड्यूटी
जनमंच टुडे/देहरादून।
प्रदेश में अब बुजुर्ग पुलिस कर्मी के साथ ही जिन महिला पुलिस कर्मी के बच्चे की उम्र एक वर्ष से कम होगी, उनकी कोरोना ड्यूटी नही लगाई जाएगी। साथ ही जो महिला गर्भवती हो उसको भी ड्यूटी से मुक्त रखा जाएगा। इसे लेकर पुलिस उपमहानिरीक्षक नीलेश आनंद भरणे ने समस्त एसएसपी को निर्देश जारी कर दिए हैं। आदेश में कहा गया है कि ऐसे पुलिस कर्मी जिनकी उम्र 55 से अधिक हो, जिन महिला कर्मी का शिशु 1 वर्ष से कम का हो, जो गर्भवती हो उन्हें कोविड-19 ड्यूटी से मुक्त रखा जाए तथा ऐसे कार्य दिए जाएं जिनमें जनसंपर्क कम से कम हो।

पुलिस उपमहानिरीक्षक नीलेश आनंद भरणे ने आदेश में कहा है की वर्तमान समय में कोविड-19 संक्रमण चरम पर है लिहाजा राज्य में तैनात पुलिसकर्मी विभिन्न फ्रंटलाइन वेरियर, जिनमें बैरियर चेकिंग, अस्पताल में , श्मशान घाट में और दाह संस्कार में ड्यूटी करने वाले लगभग 2000 से अधिक पुलिसकर्मी संक्रमित हैं। यही नहीं कई पुलिसकर्मियों के परिवार भी संक्रमण की चपेट में है लिहाजा इस लहर को देखते हुए। ऐसे पुलिसकर्मियों को जिनकी आयु 55 वर्ष से अधिक हो और जो महिला गर्भवती हो, व जिन महिलाओं का शिशु 1 वर्ष से कम का हो, उन्हें कोविड-19 ड्यूटी से मुक्त रखा जाए ।

