चंद रुपए के लिये कर दिया दोस्त का कत्ल

जनमंच टुडे/ रामनगर।

गांव से एक माँ  ने अपने विवाहित पुत्र के लिए उसके दोस्त के हाथ भेजी गयी छह हज़ार की मामूली रक़म उसकी मौत का कारण बन गयी। दोस्त ने बीच में ही अमानत में खयानत करते हुए रकम को खर्च कर लिया। जब रकम वापसी का तकादा ज्यादा बढ़ा तो दोस्त ने दोस्त को शराब के नशे में धुत्त करते हुए उसकी हत्या कर दी। घटनाक्रम के अनुसार जसोदसिंह नेगी पुत्र मानसिंह वर्तमान में भरतपुरी में किराये के मकान में रहता था। जसोद का अपना मकान ग्राम पूछड़ी में बन रहा था। जसोद ने जिला अल्मोड़ा के सल्ट विकासखंड के भौनखाल में रहने वाली अपनी माँ से कुछ पैसे मंगाए थे। माँ ने जसोद के दोस्त सूरज पुत्र लच्छीराम ग्राम काठ की नाव के हाथ छह हज़ार रुपये अपने पुत्र के लिए भेजे थे, लेकिन सूरज ने यह रकम जसोद तक न पहुंचाकर अपने ऊपर खर्च कर ली थी।

कई बार के तकादे के बाद भी सूरज ने पैसे वापस नही किये थे। कई बार के तकादे से सूरज ने परेशान होकर जसोद की हत्या का मंसूबा बना लिया। जिसके चलते बीते दिवस सूरज ने जसोद के साथ उसके पूछड़ी स्थित निर्माणाधीन भवन में शराब पी। शराब पीने के दौरान भी जसोद ने सूरज से पैसों का तगादा किया जिसके बाद सूरज ने जसोद के शराब के नशे में धुत्त होने पर धारदार हथियार से वार करके उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद सूरज मौके से फरार हो गया। निर्माणाधीन भवन में लहूलहान हालात में लाश पड़े होने की खबर मिलने की खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक की पत्नी विमला से मिली प्रारंभिक जानकारी के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेते हुए पूछताछ की तो हत्याकांड के 24 घण्टे पूरे होने से पहले ही सूरज द्वारा पैसों के लेन-देन के चलते जसोद की हत्या किये जाने की बात साफ हो गयी।  पुलिस ने हत्यारोपी को अपनी हिरासत में ले लिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी बलजीत सिंह भाकुनी के नेतृत्व में हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम में कोतवाल अबुल कलाम, जयपाल सिंह चौहान, एलआईयू विंग के अधिकारी शामिल रहे।

सलीम मलिक, वरिष्ठ पत्रकर, रामनगर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *