बैग्वाडी के आमसेरा तोक पहुंचे डीएम
जनमंच टुडे/ पौडी।
जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने सोमवार को श्रीनगर-पौड़ी मोटर मार्ग (एनएच-119) ग्राम बैग्वाडी (आमसेरा तोक), पट्टी नदलस्यूं पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। रविवार तड़के यहां बादल फटने से सड़कें, गौशाला, सड़कें, पेयजल लाइन आदि के हुए नुकसान का जायजा लिया।

उन्होंने सम्बन्धित अधिकारी को निर्देशित किया कि बादल फटने से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को जल्द सुचारू किया जाय व मलबे को शीघ्र हटाकर पानी के स्रोत को सुचारू करें। जिलाधिकारी डॉ. जोगदण्डे ने आमसेरा तोक में पहुंचकर बादल फटने वाले स्थल का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षतिग्रस्त गोशाला, पेयजल लाइन, बैग्वाडी गांव का पैदल मार्ग, पानी का स्रोत, खेत आदि को तत्काल ठीक कर सुचारू रूप से संचालित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने उपजिलाधिकारी पौड़ी को नुकसान के आकलन करने के निर्देश दिए, साथ ही जहां-जहां मार्ग क्षतिग्रस्त हुआ है, उसका आकलन कर निर्माण कार्य तत्काल प्रारम्भ करने के निर्देश दिए ।
जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी मानसून सीजन को देखते हुए जिला आपदा कंट्रोल रूम 24 घंटे संचालित किया जा रहा है, जिसके लिए नोडल अधिकारी नामित किया गया है तथा कर्मचारियों की ड्यूटी तीन शिफ्ट में लगाई जा रही है। वहीं समस्त तहसील स्तर पर भी आपदा कंट्रोल रूम बनाये गए हैं, ताकि आपदा के समय तत्काल सूचनाओं का आदान-प्रदान हो सके। कहा कि लैंड स्लाइड संवेदनशील सडकों पर जेसीबी उपलब्ध रहेंगी। कहा कि आपदा से बचाव के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध हैं तथा कुछ अन्य उपकरण मंगाये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आपदा के दृष्टिगत राहत शिविर की आवश्यता पड़ने पर पंचायत घर व विद्यालयों को चिन्ह्ति किया जा रहा है। साथ ही हेलीकॉप्टर से खोज बचाव की आवश्यकता पड़ने पर अस्थाई हेलीपेड के लिए भी स्थान चिन्ह्ति किये जा रहे हैं।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर पौड़ी एस.एस. राणा, ब्लॉक प्रमुख पौड़ी दीपक खुगशाल, खण्ड विकास अधिकारी पौड़ी प्रवीन भट्ट, ग्राम प्रधान बैग्वाडी मधु खुगशाल सहित अन्य मौजूद थे।
