परिवहन सेवा शुरू, सड़कों पर चलने लगे वाहन
जनमंच टुडे/ देहरादून।
कोरोना के चलते थमे यात्री वाहनों के चक्के आज से घूमने शुरू हो गए हैं। प्रत्येक वाहन चालक, परिचालक को प्रत्येक चक्कर लगाने से पहले और बाद में अपने वाहन को अनिवार्य रूप से सैनिटाइजेशन करना होगा। वाहन में सोशल डिस्टेसिंग, मास्क आदि के नियम का सभी को पूरी तरह पालन करना होगा। कोरोना चलते प्रदेश में यात्री वाहनों के पहिए थम गए थे, और इससे जुड़े लोगों को आर्थिक संकट से जूझना पड़ रहा था। आदेश मिलने के बाद इस कारोबार से जुड़े लोगों ने राहत की सांस ली है। उत्तराखंड में कोविड कर्फ्यू के कारण बन्द बस, मैक्सी, टैक्सी आज से सड़कों पर चलने शुरू हो गए हैं। वही कोविड कर्फ्यू तक विक्रम, ऑटो, सिटी बस को अधिकारियों ने फिलहाल संचालन की अनुमति नहीं दी है। पहले दिन यात्रियों की कमी के चलते अधिकांश वाहन खाली दिखाई दिए। विगत दिनों जारी आदेश के अनुसार प्रदेश में सभी सार्वजनिक वाहनों का संचालन अब 100 फीसद यात्री क्षमता के साथ किया जाएगा। बाहरी राज्य से आने वाले और प्रदेश के मैदानी जिलों से पर्वतीय जिलों में जाने के लिए यात्री को आरटीपीसीआर नेगेटिव रिपोर्ट और स्मार्ट सिटी पोर्टल पंजीकरण जरूरी होगा। अंतरराज्यीय और अंतर जनपदीय सड़कों पर चलने वाले बस, टैक्सी, मैक्सी , थ्री व्हीलर ऑटो, विक्रम वाले सीट क्षमता के अनुसार यात्री बैठाएंगे। कोई चालक, परिचालक यात्रियों से परिवहन प्राधिकरण की ओर से जारी दर से अधिक किराया नहीं लेगा। यात्रियोंं से अधिक किराया वसूलने की शिकायत पर सम्बन्थित के खिलाफ नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
