डॉ रावत ने श्रीनगर पहुँचकर विकास कार्यों को जांचा
जनमंच टुडे/पौड़ी/ श्रीनगर।
प्रदेश के उच्च शिक्षा, सहकारिता, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, प्रोटोकॉल (स्वतन्त्र प्रभार) मंत्री डॉ. धन सिंह रावत आज श्रीनगर पहुँचे और उन्होंने अपने ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल श्रीकोट में निर्माणाधीन स्टेडियम के साथ ही रेलवे द्वारा निर्माणाधीन रानीहाट पुल का निरीक्षण किया।
उन्होंने पुल के निर्माण कार्य को अक्टूबर तक, स्टेडियम निर्माण कार्य को सितम्बर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। डॉ रावत ने स्टेडियम की सुरक्षा दीवार पर तार लगाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि स्टेडियम तक पहुंचने के लिए मार्ग सुव्यवस्थित बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि कार्यों में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं कि जाएगी। इस दौरान उन्होंने स्टेडियम के समीप निर्मित शिल्पकार कल्याण समिति के सामुदायिक भवन का सौन्दर्यकरण करने के भी निर्देश दिए। मंत्री डॉ. रावत ने एसडीएम श्रीनगर से कहा कि पुल के समीप डंपिंग कूड़े का निस्तारण हेतु प्रपोजल बनाएं । उन्होंने इस दौरान पुल के समीप रेन बसेरा का निरीक्षण कर पुल एवं रेन बसेरा के समीप ग्रीन जोन बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने विद्या मंदिर श्रीकोट व कोविड-19 टीकाकरण सेंटर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर मातबर सिंह रावत, अतर सिंह असवाल, एसडीएम श्रीनगर रविन्द्र विष्ट, तहसीलदार सुनील राज, बिकेजे के प्रोजेक्ट मैनेजर आफताब आलम, पीएमसी के प्रोजेक्ट मैनेजर सत्यजीत खंडूड़ी, गिरीश पैन्यूली, सुधीर जोशी, विनीत पोस्ती, गणेश भट्ट आदि उपस्थित थे।
