तय समय पर पूरा करें रेलवे पुल व स्टेडियम का कार्य : धन सिंह
पौड़ी/श्रीनगर।
प्रदेश के उच्च शिक्षा, सहकारिता, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, प्रोटोकॉल (स्वतन्त्र प्रभार) मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने महिला पुलिस थाना सभागार श्रीनगर में जिलाधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदण्डे एवं संबंधित अधिकारियों के साथ रेलवे परियोजना ऋषिकेश- कर्णप्रयाग के निर्माण कार्यों को लेकर बैठक ली। उन्होंने संबंधित अधिकारी को रेलवे पुल व श्रीकोट स्टेडियम के निर्माण कार्यों में पारदर्शिता के साथ तेजी लाते हुए अक्टूबर तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में रेलवे अधिकारी ने अवगत कराया कि स्टेडियम निर्माण कार्यों में 11 विधुत पोल शिफ्ट करने, स्टेडियम की लम्बाई 180 के अंतर्गत 30 मीटर होमगार्ड विभाग की भूमि स्थानांतरण करने की समस्या आ रही है। इस पर मंत्री डॉ. रावत ने लोक निर्माण विभाग को विधुत पोलो को अन्यत्र शिफ्ट करने हेतु स्टेडियम का सर्वे कर प्राक्कलन बनाने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट है। डॉ. रावत ने उपजिलाधिकारी श्रीनगर को 52 बेड अस्पताल श्रीनगर के समीप पार्किंग बनाने के लिए जल्द संयुक्त बैठक करने के निर्देश दिये। साथ ही व्यापार संघ के अध्यक्ष एवं पार्षदों के साथ भी बैठक करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने खिर्सू के अंतर्गत 25 ग्राम पंचायतों में पुस्तकालय भवन बनाने की बात कही। उन्होंने पार्क, स्मारक गेट, पुस्तकालय, जिम आदि सामाजिक कार्यों को करने की भी बात भी कही। मंत्री ने कहा कि रेलवे निर्माण कार्य के तहत स्थानीय लोगों की भूमि का मुआवजा आपसी सहमति के साथ देना सुनिश्चित करें।
इस अवसर प्रदेश सहकारिता संघ अध्यक्ष मातबर सिंह रावत, पूर्व दर्जाधारी अतर सिंह असवाल, उपजिलाधिकारी श्रीनगर रविन्द्र बिष्ट, सीओ श्याम दत्त नौटियाल, तहसीलदार सुनील राज, मीडिया प्रभारी गणेश भट्ट, विनीत पोस्ती, सुधीर जोशी आदि उपस्थित थे।
