बारिश से पौड़ी के कई सड़कों पर यातायात बाधित
जनमंच टुडे/ पौड़ी।
जनपद के आपदा कंट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज समय 4:00 बजे तक जनपद में मुख्य जिला मार्ग सात, राज्य मार्ग तीन व 68 ग्रामीण मोटर मार्ग भारी वर्षा के चलते अवरुद्ध हो गए है, जिससे आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जनता की परेशानियों को देखते हुए जिलाधिकारी गढ़वाल डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने सम्बन्धित अधिकारियों को जल्द से जल्द सड़कें खोलकर आवाजाही सुचारू करने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार बारिश से सड़क पर मलबा आने से पैठाणी- नौटी, थलीसैंण-चौंरीखाल- चिपलघाट, पैठाणी-बड़ेथ, स्योली कांडा- घंडियाल करतोली, मजरा महादेव-सौंठ से मैथाणा, श्रीकोटखाल-रिठाखाल, चोलोसैंण से पोखरी दुमका, सतपुली-दुधारखाल-धारकोट, चेताधार-परसौली, पाठीसैंण-गुनेड़ी, गुमखाल-सारी, बगोली धार सहित 78 मोटर मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। जिलाधिकारी डॉ. जोगदण्डे ने सम्बन्धित अधिकारियों को अवरुद्ध हुए मार्गों को सुचारू करने हेतु युद्ध स्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
