मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी को दी विकास की सौगात
जनमंच टुडे/हल्द्वानी।

मुख्यमंत्री तीरथ सिह रावत ने सर्किट हाउस काठगोदाम में 10909.25 लाख के चौबीस विकास कार्यो का लोकार्पण शिलान्यास वैदिक मंत्रों के बीच किया। विकास कार्यो में 1139.46 लाख की चार योजनाओं का लोकार्पण एवं 9769.79 लाख की बीस योजनाओं का शिलान्यास किया। इसके उपरान्त सर्किट हाउस सभागार मे मुख्यमंत्री रावत अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यो के साथ ही कोविड एवं आपदा की तैयारियों की समीक्षा की।मुख्यमंत्री रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि मानसून काल में आपदा से संवेदनशील क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करें तथा बन्द सड़कों को न्यून समय मे खोला जाए तथा किसी प्रकार की आपदा आने पर त्वरित राहत एवं बचाव कार्य किये जाए। उन्होंने कहा कि आपदा की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित करें तथा जहां-जहां सड़क टूटने अथवा धंसने की सम्भावनायें है , उन सडकों पर पहले से ही यातायात सुचारू करने के लिए पहले से ही जेसीबी तैनात की जाए ताकि ताकि आम जनता को आवागमन मे कोई परेशानी का सामना ना करना पड़े। उन्होंने पेयजल व विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे मानसून दौरान विद्युत एवं पेयजल सूचारू रखने हेतु दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों मे अभी से उपकरण अथवा सामग्री स्टोर करें ताकि मानसून के दौरान विद्युत एवं पेयजल बाधित होने पर तत्काल सुचारू किया जा सके उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के निर्देश दिये कि वे वर्षाकाल में नदियों व बैराजों के जलस्तर पर पैनी नजर रखें तथा बाढ चौकियो को सक्रिय करते हुये नदियों का जलस्तर बढने पर समय-समय पर चेतावनी विभिन्न माध्यमो से जारी करें ताकि जानमाल की हानि को रोका जा सके।
