ऋषिकेश में युवक ने खुद को लगाई आग
जनमंच टुडे/ ऋषिकेश।
मंगलवार को ऋषिकेश में रेलवे रोड पर उस समय अफरा तफरी मच गई जब एक युवक ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। लोगों ने पानी डालकर आग बुझाई और गंभीर अवस्था में युवक को एम्स पहुंचाया गया। जहां उसकी चिंताजनक हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर देहरादून रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि दुकान के किराए के विवाद को लेकर युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे रेलवे रोड पर अंबेडकर चौक के पास बृजपाल नाम एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। युवक को आग की लपटों में देख दुकानदारों ने आनन-फानन में युवक के ऊपर पानी डालकर आग बुझाई व एंबुलेंस बुलाकर पीड़ित को सरकारी अस्पताल पहुंचाया । गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने पीड़ित को हायर सेंटर देहरादून रेफर कर दिया है। वहीं पीड़ित की पत्नी लक्ष्मी पाल ने बताया कि उसके पति बृजपाल को दुकान मालिक परेशान कर रहा था, इससे क्षुब्ध होकर ही उन्होंने आत्मघाती कदम उठाया है। लक्ष्मी पाल के अनुसार उन्होंने दुकान का जुलाई माह का किराया देना है। केवल 5 दिन ज्यादा होने पर दुकान मालिक ने उन पर किराए को लेकर दबाव बनाया व गुंडे भेज कर महिला को धमकाया। समय मांगने पर महिला से बदसलूकी की गई और दुकान पर अपना ताला लगा दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
- ऋषिकेश से मुकेश कुमार जैन।
