पूरे माह जागरों से गुंजयमान रहेगा राकेश्वरी माता का दरबार

जनमंच टुडे/ ऊखीमठ।

मदमहेश्वर घाटी के ग्रामीणों की अराध्य देवी भगवती राकेश्वरी के मन्दिर में कल से शुरू होने वाले सावन माह में पौराणिक जागर गायन शुरू होगा। ग्रामीणों द्वारा पौराणिक जागरों के माध्यम से तैतीस करोड़ देवी – देवताओं सहित मां भगवती राकेश्वरी की महिमा का गुणगान किया जायेगा। दो माह तक चलने वाले जागर गायन का समापन आश्विन की दो गते को मां भगवती राकेश्वरी को ब्रह्म कमल अर्पित करने के बाद होगा। जागरी पूर्ण सिंह पंवार ने बताया कि भगवती राकेश्वरी के मन्दिर में प्रति वर्ष सायंकालीन आरती के बाद पौराणिक जागरों के गायन की परम्परा है।

जागर  गायन दो माह तक किया जाता है। शिवराज सिंह पंवार ने बताया कि भगवती राकेश्वरी का पावन तीर्थ मदमहेश्वर घाटी के रासी गांव में विराजमान है। इस पावन तीर्थ में मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। मुकन्दी सिंह पंवार ने बताया कि दो माह तक चलने वाले जागर में देवभूमि उत्तराखंड के प्रवेश द्वार हरिद्वार से चौखम्बा हिमालय तक विराजमान हर तीर्थ की महिमा का गुणगान किया जाता है।  कार्तिक सिंह खोयाल ने बताया कि दो माह तक चलने वाले जागरों के माध्यम से शिव – पार्वती विवाह, भगवान विष्णु की महिमा, मर्यादा पुरुषोत्तम रामचंद्र की जीवन लीला का वृतान्त, भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं पर आधारित विभिन्न लीलाओं का गुणगान के साथ ही महाभारत युद्ध के बाद पाण्डवों के स्वर्गारोहण गमन के वृतान्त व पंच बद्री, पंच केदार सहित सभी धामों की महिमा का गुणगान किया जाता है।

जसपाल सिंह जिरवाण ने बताया कि पौराणिक जागरों के गायन से रासी गांव का वातावरण दो माह तक भक्तिमय बना रहता है। गांव की बुजुर्ग महिलायें पौराणिक जागरों का श्रवण करती है । अमर सिंह रावत ने बताया कि युवा पीढ़ी पौराणिक जागरों के गायन से बिमुख होती जा रही है, मगर युवा पीढ़ी को भी पौराणिक जागरों के गायन के प्रति जागरूक किया जा रहा है। शिव सिंह रावत ने बताया कि भगवती राकेश्वरी के मन्दिर में पौराणिक जागरों के गायन की परम्परा युगों पूर्व की है व भविष्य में भी पौराणिक जागरो के गायन की परम्परा को जीवित रखने के लिए सामूहिक पहल की जायेगी। हरेन्द्र खोयाल ने बताया कि पौराणिक जागरो के गायन के श्रवण करने से मन को अपार शान्ति मिलती है।

  • ऊखीमठ से वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मण सिंह नेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *