भक्तों को प्रसाद के रूप में बंटा जल कलश का जल

जनमंच टुडे/ऊखीमठ।

मदमहेश्वर घाटी की सीमान्त गाँव गडगू से लगभग तीन किमी दूर सुरम्य मखमली बुग्यालों के मध्य विराजमान जाखराजा मन्दिर में आयोजित पांच दिवसीय शक्लिकरण यज्ञ के चौथे दिन 151 जल कलश से भव्य जल कलश यात्रा निकाली गयी जिसमें कई सैकड़ों भक्तों ने शामिल होकर धर्म की गंगा में डुबकी लगाई। शुक्रवार को पूर्णाहुति के साथ पांच दिवसीय शक्लिकरण यज्ञ का समापन होगा! गुरूवार को विद्वान आचार्य शिव प्रसाद सेमवाल, विनोद जमलोकी, कलाधर सेमवाल, अखिलेश सेमवाल व दिनेश सेमवाल ने बह्म बेला पर पंचाग पूजन के तहत जाखराजा सहित तैतीस कोटि देवी – देवताओं का आवाहन कर आरती उतारी।  ठीक दस बजे जाखराजा के भक्त स्थानीय वाद्ययंत्रों के साथ जाख नदी के लिए रवाना हुए जहाँ पर विद्वान आचार्यों ने पूजा हवन कर 151 जल कलशो का सुद्धीकरण किया तथा जल कलशो में जल भरकर 151 जल कलशो से सजी जल कलश यात्रा को भव्य रूप दिया! ठीक 11 बजे 151 जल कलशो से सजी जल कलश यात्रा जाखराजा मन्दिर के लिए रवाना हुई तो हर – हर गंगे,जय मां गंगे के उदघोष व श्रद्धालुओं की जयकारों से सम्पूर्ण भूभाग गुजायमान हो उठा।

ठीक 12 बजे दोपहर जल कलश यात्रा जाखराजा मन्दिर पहुंची तो वहाँ पूर्व से मौजूद सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पुष्प अक्षत्र व महिलाओं ने पौराणिक भक्तिमय जागरों से जल कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया। इस दौरान कई देवी – देवताओं के नर रूप में अवतरित होने से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि सम्पूर्ण देव लोक जाखराजा की पावन धरती पर उतर आया हो। 152 जल कलशो से सजी जल कलश यात्रा ने जाखराजा मन्दिर की एक परिक्रमा की व प्रधान जल कलश से जाखराजा का जलाभिषेक किया गया तथा शेष जल कलश का जल भक्तों को प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। इस अवसर पर मनसूना क्षेत्र की लोक गायिका राजेश्वरी पंवार के धार्मिक भजनों की शानदार प्रस्तुति पर हर भक्त मंत्रमुग्ध हुआ। जल कलश यात्रा में शिरकत करने पहुंचे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चण्डी प्रसाद भटट ने कहा कि जाखराजा मदमहेश्वर घाटी के ग्रामीणों के अराध्य देव के रूप में पूजित है। जाखराजा के दरबार में हर भक्त को मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है।

इस मौके पर प्रधान बिक्रम सिंह नेगी, वन पंचायत सरपंच फापज कुवर सिंह नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मण सिंह राणा, नव युवक मंगल दल अध्यक्ष सुदीप राणा, महिला मंगल दल अध्यक्ष प्रियंका राणा, पूर्व प्रधान सरिता देवी, रणजीत नेगी, अवतार सिंह राणा, लवीश राणा, गीता देवी, शिवराज सिंह राणा, गब्बर सिंह राणा, दलवीर सिंह नेगी, राय सिंह नेगी, दरवान सिंह नेगी, बचन सिंह राणा, जय सिंह राणा, भीमराज सिंह राणा सहित सैकड़ों भक्त मौजूद थे ।

  • वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मण सिंह नेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *