नशा मुक्ति केंद्र का फरार नशेड़ी संचालक गिरफ्तार
जनमंच टुडे/ऋषिकेश।
देहरादून पुलिस कोसोमवार को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने नशा मुक्ति केंद्र में नाबालिग लड़कियों से छेड़छाड़ एवं दुष्कर्म करने वाले आरोपित नशा मुक्ति केंद्र का संचालक विद्यादत्त रतूड़ी को ऋषिकेश के श्यामपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ करने के बाद उसे कोर्ट में पेश करेगी। पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसके पिता एयरफोर्स में कर्मचारी थे। वह उनके साथ कानपुर में रहता था। वहीं से उसे शराब पीने की लत लगी और वह शराब का आदी हो गया । उसने बताया कि टिहरी में एक महिला से उसके संबंध थे, जिसके चलते वह 2017 में जेल भी गया। उसके बाद परिवार वालों ने परेशान होकर उसे वर्ष 2018 में नशा मुक्ति केंद्र एसजी फाउंडेशन सरस्वती विहार देहरादून में भर्ती कराया था। जहां पर नशे के इलाज के दौरान ही उसने उसी नशा मुक्ति केंद्र में स्टाफ के रूप में काम करना शुरू कर दिया । वहां पर करीब तीन साल तक उसने काम किया। वहीं पर उसकी मुलाकात विभा सिंह से हुई जो शराब पीने की लत के कारण उसी नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती हुई थी। इसके बाद उसने और विभा ने मिलकर नशा मुक्ति केंद्र खोलने का प्लान बनाया था और फरवरी 2021 में प्रकृति विहार क्लेमेंटाउन में नशा मुक्ति केंद्र खोला । उसने बताया कि केन्द्र में भर्ती उक्त लड़कियां पांच अगस्त को भाग गई। उनके भागने के बाद पोल खुलने का भय बना हुआ था। जब मुझे पता लगा कि फरार लड़कियों को पुलिस ने बरामद कर लिया है तो मैंने अपने फोन से दोनों सिम निकाल दिए और गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गया था।
