डबल इंजन की सरकार से जनता परेशान : इष्टवाल
जनमंच टुडे/ सतपुली।
वरिष्ठ कांग्रेसी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव कविंद्र इष्टवाल ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनता बेरोजगारी, महगाई से परेशान है और डबल इंजन की सरकार इसे रोकने में नाकाम साबित हो रही है। सतपुली में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कांग्रेस महासचिव ने कि भारतीय जनता पार्टी सबका साथ सबका विकास का नारा ढकोसला है। उत्तराखंड में बेरोजगार पलायन ,भ्रष्टाचारी महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है और भाजपा सरकार केवल अपनी कुर्सी बचाने का काम कर रही है । वहीं उन्होंने तीलू रौतेली पुरस्कार को लेकर कहा कि सरकार ने अपने चहेते भाजपाइयों को ही पुरस्कार के लिए चुना। हकीकत में जो इस पुरस्कार के हकदार थे उन्हें पुरस्कार नही दिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अगर सत्ता में आई तो सभी भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी, चाहे वह कितना ही बड़ा नेता क्यों न हो। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मेहनत और जनता के आशीर्वाद के बदौलत सत्ता में आएगी। इष्टवाल ने कहा कि कांग्रेस विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य के मुददों को लेकर चुनावी मैदान में उतरेगी। इस मौके पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजन रौतेला, यूथ कांग्रेस नगर अध्यक्ष अमित रावत, पूर्व सांसद प्रतिनिधि चंद्र मोहन सिंह रावत, जैकी भाई आदि मौजूद थे।
