कोसी नदी पार कर रही मां, बेटी बही
जनमंच टुडे/ बाजपुर।
मंगलवार देर शाम को लोगों को नदी पार करा रहा एक ट्रैक्टर ट्राली कोसी नदी के तेज बहाव में बह गया। हादसे में 6 लोग बह गए। 4 लोग किसी तरह नदी से बाहर निकल गए जबकि एक औरत और उसकी सात वर्षीय पुत्री नदी के बहाव में लापता हो गई। पुलिस, प्रशासन के साथ-साथ एसडीआरएफ की टीम लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई है,लेकिन अंधेरा होने के कारण उनका पता नहीं चल पाया है । जानकारी के अनुसार सीतापुर कालोनी निवासी मंगल सिंह व उसकी पत्नी मुन्नी देवी कोसी पार ग्राम गुलजारपुर में खेतीहर मजदूर थे। मंगलवार शाम वह मजदूरी करने के बाद उसकी पत्नी ने घर जाने की जिद की तो दोनों अपनी सात वर्षीय पुत्री सिमरन को लेकर कोसी नदी तक पैदल आ गया। कोसी पार जाने के लिये तीनों किराये लेकर नदी पार करने वाले एक ट्रैक्टर पर बैठ गये। इसी बीच एक महिला और पुरुष सवारी भी ट्रैक्टर पर बैठ गए। ट्रैक्टर चालक ने जैसे ही नदी के बीच में ट्रैक्टर उतारा तभी अचानक कोसी नदी का बहाव तेज हो गया और ट्रैक्टर ट्राली असंतुलित हो कर पलट गया। इसी बीच 4 लोग किसी तरह उफनाती नदी से बाहर निकलने में कामयाब हो गए जबकि सात वर्षीय सिमरन और उसकी मां मुन्नी देवी नदी के लहरों में खो गए। सूचना पर मौके पर एसडीआरएफ व पुलिस की टीम ने नदी में रेस्क्यू अभियान चलाया , लेकिन उनका कहीं पता नही चल पाया।
