अपनी राजनीति चमकाने के लिए गलत बयानबाजी कर रहे विपक्षी : भगत
जनमंच टुडे/ हल्द्वानी।
कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री ने नैनीताल दौरे के दौरान 4531 लाख की 38 योजनाओं का जनता को सौगातें दी, लेकिन विरोधियों को राजेश नहीं आ रहा है और चर्चा में रहने के लिए गलत बयानबाजी कर रहे हैं। भगत ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में प्रत्याशी बनने की चाह रखने वाले कांग्रेसी तथ्यहीन बयानबाजी कर स्वयं को चर्चाओं में लाने की कोशिश कर रहे हैं। उनको विकास कार्य से कोई लेना देना नही है बल्कि उन्हें सिर्फ और सिर्फ अपनी उम्मीदवारी साबित करनी है।कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने कहा कि मैं उन तथाकथित बयानवीरों की जानकारी के लिए बता देना चाहता हूँ कि अकेले कालाढूंगी विधानसभा में 8268.07 लाख की लागत के स्वीकृत कार्यो में से अभी तक 150 किलोमीटर की सड़कों का निमार्ण कार्य पूरा हो चुका है, जिसमें राज्य योजना की 81 सड़कों का कार्य, राज्य योजना प्रथम चरण के 3 सड़कों का कार्य, विधायक निधि की 5 सड़कों का कार्य, खनिज फाउंडेशन की 13 सड़कों का कार्य, जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण से 20 सड़कों का कार्य शामिल है। कुल 122 कार्य योजनाओ में से 62 का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 14 कार्य प्रगति पर हैं और 46 कार्यो की निविदा प्रक्रिया गतिमान है। इसके अलावा 27 करोड़ की लागत से पनचक्की चौराहे से चौफुला, कठघरिया होते हुए कमलुवागंजा चौराहे तक नहर कवरिंग का 8.2 किलोमीटर लंबी और 7 मीटर चौड़ी टू लेन सड़क का कार्य जिसका प्रथम चरण का 1.3 किलोमीटर का कार्य चम्बल पुल से चौफुला चौराहे तक प्रगति पर है। ऐसे में जिन लोगो की सरकार ने अपने कार्यकाल में विकास की एक ईंट नही रखी वो भाजपा के शासन काल के विकास कार्यो पर चर्चा कर खुद की नेतागिरी चमकाने का काम कर रहे हैं।
