गंगा आरती में शामिल होंगे भाजपा महिला मोर्चा के दो सौ से अधिक कार्यकर्ता
ऋषिकेश। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं सदस्यों सहित दो सौ से अधिक महिला कार्यकर्ता रविवार 26 सितंबर को त्रिवेणी घाट पर गंगा आरती में सम्मिलित होंगे। जिसकी स्वागत की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने तीनों मंडलों के अध्यक्षों एवं महिला मोर्चा के पदाधिकारियों के संग संयुक्त रुप से बैठक की। बैराज स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान त्रिवेणी घाट में गंगा आरती से पूर्व महिला मोर्चा की राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं सदस्यों के स्वागत संबंधित विषय पर चर्चा की गई।
अवगत करा दें कि देहरादून में 26 एवं 27 सितंबर को दो दिवसीय भाजपा के महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आहूत की गई है जिसमें महिला मोर्चा के राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी सहित सभी राज्यों के महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष एवं महामंत्री एवं महिला सांसद सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड में बड़े स्तर पर आयोजित होने वाली महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से राज्य की महिला कार्यकर्ताओं में जोश एवं उत्साह हैं, पहली बार पार्टी की सभी महिला सांसदों को उत्तराखंड में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में आमंत्रित किया गया है।उन्होंने कहा की केंद्रीय मंत्रिमंडल की महिला मंत्री भी बैठक में शामिल होने की सम्भावना है। इस बैठक में महिला मतदाताओं तक पहुंचने की योजना को अंतिम रूप देने के लिए विस्तृत चर्चा की जाएगी।
