केदारनाथ पहुँचे मुख्यमंत्री धामी, बाबा केदार का आशीर्वाद लिया
जनमंच टुडे/ ऊखीमठ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार सुबह 8 बजे केदारनाथ पहुँचे। इस दौरान उन्होंने केदारनाथ मंदिर में पूजा,अर्चना कर बाबा केदार का आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री की ओर से मुख्य पुजारी बागेश लिंग ने रुद्राभिषेक का पाठ किया और देश एवं प्रदेश के खुशहाली की मंगलकामना की। देवस्थानम बोर्ड द्वारा उन्हें श्री केदारनाथ भगवान का प्रसाद एवं रूद्राक्ष माला भेंट की।

इसके बाद मुख्यमंत्री आदि गुरु शंकराचार्य के समाधि स्थल गये और वहां समाधि स्थल पुनर्निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। आदि गुरु शंकराचार्य की मूर्ति को हेलीकॉप्टर से कुछ दिनों पूर्व श्री केदारनाथ धाम पहुंचाया गया है। मुख्यमंत्री ने संपूर्ण केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का मौके पर अवलोकन भी किया। उन्होंने पुनर्निर्माण में लगे अधिकारियों, इंजीनियरों,मजदूरो के साथ ही श्रृद्धालुओं से भी बातचीत की।

इस अवसर पर उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम बोर्ड के सदस्य एवं वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित श्रीनिवास पोस्ती, पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर, जिलाधिकारी मनुज गोयल, पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल उपजिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह देवस्थानम बोर्ड के मंदिर प्रशासनिक अधिकारी यदुवीर पुष्पवान, प्रबंधक अरविंद शुक्ला, प्रदीप सेमवाल भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि सात अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी केदारनाथ धाम भी जा सकते हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के केदारनाथ दौरे को इससे जोड़कर देखा जा रहा है।
