गढ़वाल, कुमाऊं में खुलेंगे चार इंटरनेट एक्सचेंज
जनमंच टुडे/ नई दिल्ली/ देहरादून।
उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रसारण राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर से भेंट कर गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्रों के लिए अलग-अलग चार इंटरनेट एक्सचेंज की मांग की। सांसद बलूनी ने कहा कि कोरोना काल में अनेक नौजवान जो चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद और पुणे आदि नगरों से लौटकर वर्क फ्रॉम होम कर रहे हैं ,उन्हें अपने कार्यों को संपादित करने में इंटरनेट स्पीड की असुविधा के कारण बहुत दिक्कतें हुई, उसी तरह ऑनलाइन पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को भी अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बलूनी ने कहा कि हाई स्पीड डाटा सुविधा के लिए नई टेक्नोलॉजी में इंटरनेट एक्सचेंज कारगर साबित हो रहे हैं, जिसका लाभ पर्वतीय क्षेत्रों के साथ ही वर्क फ्रॉम होम और विद्यार्थियों को इससे लाभ मिलेगा। केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि वे इस दिशा में शीघ्र ही कार्रवाई प्रारंभ करेंगे और उत्तराखंड के लिए इंटरनेट एक्सचेंज हो के लिए अपने मंत्रालय को होमवर्क शुरू करने के लिए कहेंगे और शीघ्र ही उत्तराखंड यह सुविधा पाने वाला राज्य बनेगा। बलूनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में उत्तराखंड में सड़क, रेल, स्वास्थ्य और पेयजल आदि क्षेत्रों में संतोषजनक कार्य आगे बढ़ा है। इंटरनेट एक्सचेंज से हमें पर्वतीय क्षेत्र में ही रोजगार की संभावनाओं को बल मिलेगा।
