लोगों से मिले मुख्यमंत्री, कहा, आपकी हर समस्या का होगा समाधान
जनमंच टुडे/ देहरादून।
प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आये लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की और अपनी समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने सभी आगन्तुकों से व्यक्तिगत रूप से भेंट कर उनकी समस्यायें सुनी और जन समस्याओं के समाधान के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के समक्ष सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, आर्थिक सहायता, समाज कल्याण से संबधित पेंशन आदि अनेक समस्याएं लोगों ने रखीं। मुख्यमंत्री ने समस्याओं के तत्काल समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री लगातार आम जनता से भेंट कर उनकी समस्याओं के निराकरण के कार्य में लगे हुए हैं। उन्होंने अधिकारियों को भी सख्त निर्देश दिये हुए हैं कि समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु राज्य सरकार संकल्पबद्ध है तथा समस्याओं के निस्तारण में कोई लापरवाही न की जाए। लोगों को अपनी अपनी समस्याओं के हल के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सरकार की पहली प्राथमिकता है।
