स्वास्थ्य शिविर ले लोगों को पहुंच रहा लाभ : धनसिंह
जनमंच टुडे/ पौड़ी। आजादी के अमृत महोत्सव के अर्न्तगत आज विकासखण्ड खिर्सू, विकासखण्ड पाबौ और विकासखण्ड नैनीडांडा में स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया गया। विकासखण्ड खिर्सू व पाबौ स्वास्थ्य मेलों का शुभारंभ स्वास्थ्यमंत्री डॉ धन सिंह रावत ने किया जबकि नैनीडांडा में विधायक लैंसडौन महंत दिलीप रावत ने स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान आयोजित स्वास्थ्य मेलों में स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन से स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा। कहा कि उत्तराखण्ड में लगभग 115 स्थानों पर स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित होकर जनता की समस्याओं का निस्तारण कर रहे है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस तरह के अन्य जनोपयोगी कार्य लगातार कर रही है, जिससे जनता को भटकना नही पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश में आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहें है, जिसके तहत जनपद में विकासखण्डों में 18 से 22 अप्रैल तक स्वास्थ्य मेले आयोजित किये जा रहे है। नैनीडांडा में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में स्थानीय विधायक महंत दिलीप रावत ने स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित करते हुए कहा कि कोरोना काल में जब सभी अपने प्राण बचाने के लिए घरों में बैठे थे तब स्वास्थ्य कर्मियों ने अपने प्राणों की परवाह न करते हुुए देश को बचाने में अहम योगदान दिया था। कहा कि कोरोना में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कोरोना वारियर्स को बार-बार सम्मानित किया जाना चाहिए।
