बिजली चोरी की घटनाओं पर नजर रखें अफसर
जनमंच टुडे/ देहरादून। मुख्यमंत्री ने आज जनपद हरिद्वार के विकास कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को जन सुविधाओं के विकास पर ध्यान देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा के दृष्टिगत हरिद्वार में यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखा जाए। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों से कूड़ा निस्तारण, सफाई व्यवस्था आदि के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पतालों की सफाई व्यवस्था चाक-चौबन्द रहनी चाहिये। कभी भी अस्पतालों, नगर निगम की सफाई व्यवस्था एवं कार्यालयों में कार्मिकों की उपस्थिति आदि का निरीक्षण किया जा सकता है , अगर औचक निरीक्षण के दौरान कहीं पर भी कोई कमी पाई गई तो सम्बन्धित अधिकारी, कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने अधिकारियों को कार्यालयों में बॉयोमैट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू करने के भी निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने नेशनल हाईवे अथारिटी आफ इण्डिया द्वारा हरिद्वार में किये जा रहे विभिन्न विकास कार्यों के सम्बन्ध में भी अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की। एनएचएआई की समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि राष्ट्रीय राजमार्गों में कई जगह पानी रूका रहता है, जिसकी सही निकासी नहीं होने की वजह से जलभराव की स्थिति पैदा हो रही है। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि एनएचएआई तथा सिंचाई विभाग समन्वय स्थापित करते हुये एक समग्र योजना बनाकर इस समस्या का समाधान निकाला जाए।
जल निगम तथा जल संस्थान के अधिकारियों द्वारा पानी की व्यवस्था के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि पानी की आपूर्ति सुचारू रूप से की जा रही है। जनपद में 12 हजार हैण्डपम्प लगे हैं तथा जो हैण्डपम्प किसी वजह से खराब हो जाते हैं, तो उनकी समय-समय पर मरम्मत कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनता को पेयजल की कहीं पर भी कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिये। मुख्यमंत्री ने बैठक में जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल की प्रगति की भी समीक्षा की। मुख्यमंत्री द्वारा अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये गए। विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि कि वर्तमान में उद्योगों को पूरी बिजली दी जा रही है तथा विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था में काफी सुधार है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि बिजली की चोरी की घटनाओं पर भी पूरी नजर रखी जाये तथा विजिलेंस की टीम को सक्रिय किया जाये एवं बिजली चोरी की घटनाओं में जो लिप्त पाये जाते हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाये। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित करने, अवैध अतिक्रमण को हटाये जाने, आपदा प्रबंधन तंत्र को सक्रिय किये जाने तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास पर ध्यान देने के भी निर्देश अधिकारियों को दिये।
