प्रसिद्ध वैज्ञानिक प्रो. जोशी का निधन
नैनीताल। देश के प्रसिद्ध भौतिकशास्त्री व काउंसिल ऑफ साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च के पूर्व महानिदेशक पद्मश्री व पद्मभूषण प्रो. श्रीकृष्ण जोशी (85) का शुक्रवार को उनके नई दिल्ली स्थित आवास पर निधन हो गया। वह चंपावत जनपद के देवीधूरा के ग्राम अनर्पा के मूल निवासी थे। प्रो. जोशी के निधन का समाचार मिलते ही पूरे कुमाऊं मंडल में शोक व्याप्त हो गया है। प्रो. जोशी ने देश में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आईआईएसईआर, एनआईएसईआर व कई नई आईआईटी की स्थापना में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। वे नैनीताल स्थित एरीज यानी आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के अध्यक्ष भी रहे थे। उन्हें 1991 में पद्मश्री तथा 2003 में पद्मभूषण के साथ 1972 में भौतिकी में शांति स्वरूप भटनागर अवार्ड, मेघनाद साहा अवार्ड, सीवी रमन मेडल एवं कमल कुमारी नेशनल अवार्ड सहित अनेक पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
