मुख्यमंत्री ने भराड़ीसैंण में ध्वजारोहण किया
जनमंच टुडे/ गैरसैंण/गोपेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पर ग्रीष्मकालीन राजधानी, भराड़ीसैंण (गैरसैंण) विधानसभा भवन में ध्वजारोहण किया और विधानसभा परिसर गैरसैंण में पौधारोपण किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आजादी की 75वीं गौरवशाली वर्षगांठ की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने देश की आजादी के संग्राम में अविस्मरणीय योगदान देने वाले उत्तराखंड राज्य के सेनानियों का श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।
उन्होंने कहा यह देश के लिए अपना सब कुछ बलिदान कर देने वाले सैन्य और अर्धसैनिक बलों के शहीद जवानों की स्मृति के सम्मुख नतमस्तक होने का अवसर है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अमृत महोत्सव के रूप में मना रहे हैं। यह अमृत महोत्सव हमारे देश के समस्त महान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद सैनिकों को समर्पित है। इस समर्पण में अपने राष्ट्र को अभिनव और आत्मनिर्भर भारत में रूपांतरित करने का जन-जन का संकल्प भी समाहित है। इस महोत्सव के उपलक्ष्य पर फहराते तिरंगे से सुसज्जित हो कर देश का एक-एक घर दुनिया को यह सन्देश दे रहा है कि हमारे प्रधानमंत्री की सुदृढ़ इच्छाशक्ति, उनके दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन में एक राष्ट्र के रूप में हम लोग बहुत शीघ्र उस महत्वाकांक्षी स्वप्न को साकार कर लेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष अब तक तीस लाख पंजीकृत श्रद्धालुओं ने चारधाम के दर्शन कर लिये हैं । पर्वतमाला परियोजना से रोपवे नेटवर्क को मजबूत किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने केंद्र से अनुरोध किया है कि हिमालयी क्षेत्रों के लिए अलग से योजनाएं बनें। मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अधीनस्थ चयन आयोग के भर्ती घोटाले में एक एक अपराधी को पकडा जा रहा है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही नौजवानों को नौकरी के लिए विलम्ब न हो, इसकी व्यवस्था भी की जा रही है। उन्होंने कहा अपणि सरकार पोर्टल, ई-केबिनेट, ई-ऑफिस, सीएम हेल्पलाईन, सेवा का अधिकार और ट्रांसफर एक्ट की पारदर्शी व्यवस्था के चलते कार्यसंस्कृति में गुणात्मक सुधार हुआ है। इस सिलसिले में अब प्रदेश का कोई भी व्यक्ति 1064 पर शिकायत कर भ्रष्टाचार को समाप्त करने में योगदान दे सकता है। अपने वादे के अनुसार हमने समान नागरिक संहिता के लिये समिति का गठन कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा की चारधाम सर्किट में आने वाले सभी मंदिरों और गुरूद्वारों में भौतिक ढांचे और परिवहन सुविधाओं के विस्तार किया जा रहा है, उन्होंने कहा कुमाऊं के पौराणिक मंदिरों के लिये मानसखण्ड मंदिर माला मिशन पर भी काम कर रहे हैं। उत्तराखण्ड देवभूमि ही नहीं, वीरभूमि भी है, देहरादून में भव्य सैन्य धाम की स्थापना की जा रही है। हमारी सरकार, शहीद सैनिकों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी में समायोजित कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार अन्त्योदय की भावना के अनुरूप विकास का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा हमारी सरकार ने संकल्प लिया है कि हम उत्तराखंड राज्य के 25वें वर्ष पर राज्य को प्रत्येक क्षेत्र में आगे ले जाएं। राज्य के विकास की यात्रा अकेले सरकार की नहीं अपितु सामूहिक यात्रा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गैरसैंण नगर हेतु पेयजल योजना का निमार्ण कार्य , औषधीय एवं संगध पादप संस्थान औद्योगिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय मेहलचौरी गैरसैंण में कार्यालय भवन कक्षा कक्ष एवं सभागार का निमार्ण कार्य, कर्णप्रयाग में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क का सुधारीकरण एवं सौन्दर्यकरण किए जाने की घोषणा की। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूड़ी ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज हमारा अभिमान है हमारी भारतीयता का प्रतीक है। तिरंगा हमें एक माला में पिरोता है और तिरंगे के नीचे हम सबको गर्व महसूस होता है। उन्होंने सीमा पर अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों एवं राज्य आंदोलन में शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए नमन किया। उन्होंने कहा उत्तराखंड राज्य की स्थापना पर्वतीय क्षेत्रों को विकास को ध्यान में रखकर किया गया है और सरकार इस दिशा में लगातार कार्य कर रहे हैं। राज्य विधानसभा को हाईटेक किया जा रहा है। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने गाड़ी से विधानसभा परिसर में आए स्कूल के प्रत्येक बच्चे को ₹501 की धनराशि देने की घोषणा की। चिकित्सा स्वास्थ्य शिक्षा एवं जनपद की प्रभारी मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि हमारी सरकार स्वास्थ्य व शिक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। गैरसैंण में जल्द ही उप जिला चिकित्सालय खोला जाएगा।
