डिप्लोमा इंजीनियरों की समस्याओं का जल्द समाधान होगा : महाराज

जनमंच टुडे। देहरादून।  काबीना मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि डिप्लोमा इंजीनियरों की लम्बित मांगों का जल्द समाधान करने के साथ ही वेतन विसंगतियों को भी दूर किया जाएगा। उन्होंने यह बात आज  यमुना कॉलोनी स्थित सिंचाई भवन में उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ के प्रतिनिधियों  की बैठक में कही।  बैठक में लोक निर्माण, सिंचाई, पर्यटन, पंचायती राज, ग्रामीण निर्माण, जलागम मंत्री महाराज ने कहा कि विभिन्न विभागों में कार्यरत इंजीनियरों को अनुरक्षण भत्ता व अन्य आवश्यक सुविधाएं भी अति शीघ्र मुहैया कराई जाएगी, ताकि मौके पर जाकर कार्यों का सुपर विजन कर सकें। उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ की बैठक में  उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग के अंतर्गत डिप्लोमा धारक पात्र कार्मिकों को 3 पदों पदोन्नति का लाभ दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त एम.ए.सी.पी. से संबंधित शासनादेश के अनुसार कार्यवाही की जा रही है जिसमें 10, 20 व 30 वर्ष पर एम.ए.सी.पी स्वीकृत किए जाने का प्रावधान है। कैबिनेट मंत्री  महाराज ने अधिकारियों से विभिन्न विभागों में कार्यरत डिप्लोमा इंजीनियरों की लंबित समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को इंजीनियरों के वेतन संबंधी विसंगतियों को दूर करने के साथ ही कनिष्ठ अभियंता और अपर सहायक अभियंता को अनुमन्य मोटर साइकिल, स्कूटर भत्ते की दरों का पुन निरीक्षण कर 2013 के शासनादेश पर अमल करते और 30 लीटर पेट्रोल या ₹5000 भत्ता प्रतिमाह देने के निर्णय का एक माह में समाधान करने को कहा।

कनिष्ठ अभियंताओं को 10 वर्ष की सेवा के बाद सहायक अभियंता के ग्रेड वेतन 5400 दिए जाने की संभावनाओं का भी एक माह में परीक्षण करवा लिया जाए।  महाराज ने कहा कि प्रदेश के विकास का जो लक्ष्य मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तय किया है उसके लिए विभिन्न विभागों में कार्यरत समूह “ख” अभियंताओं व अन्य अभियंताओं को की मांगों का सकारात्मक ढंग से समाधान होना चाहिए। बैठक में अपर सचिव वित्त गंगा प्रसाद अपर सचिव कार्मिक ललित मोहन घिल्डियाल, लोक निर्माण विभाग के अपर सचिव विनीत कुमार, सिंचाई विभाग के अपर सचिव एवं सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियंता जयपाल आदि अधिकारी मौजूद थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *