मौसम का मिजाज बदला, कहीं हुई बूंदाबांदी तो, कहीं गिरी बर्फ
जनमंच टुडे। डेस्क। आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रहा। प्रदेश के पर्वतीय जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी के साथ ही तेज हवाएं चली। तेज हवाएं चलने से बागवानी को नुकसान पहुँचने का अनुमान है। वहीं केदारनाथ के साथ ही उंचाई वाले अन्य क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। उधर बागेश्वर जिले में आंधी तूफान से चामी-क्वैराली में पांच घरों की छत उड़ गई है। राशन, कपड़े, नकदी और अन्य सामान मलबे में दब गया है। पांच परिवारों के 10 से अधिक लोग बेघर हो गए हैं।
रविवार अपराह्न एकाएक मौसम ने करवट बदली। तेज हवाएं और अंधड़ चली। जिससे क्वैराली गांव निवासी प्रमोद कांडपाल, रमेश कांडपाल, मोहन कांडपाल, पूरन कांडपाल और मनोहर कांडपाल के घरों की टिन की छत उड़ गई है। रसोई गैस सिलेंडर, बेड, राशन, नकदी, कपड़े आदि मलबे में दब गए हैं। पांच परिवारों के दस से अधिक लोग बेघर हो गए हैं। पीड़ित प्रमोद कांडपाल ने बताया कि वह पोस्ट आफिस से सेवानिवृत्त हुए थे। रिटायर्ड के समय मिली धनराशि से गांव में दो मंजिला मकान बनाया। लकड़ी और पत्थर नहीं मिलने से टिन की छत डाली। वह रविवार को उड़ गई है। आपदा कंट्रोल रूम और क्षेत्रीय पटवारी का इंतजार कर रहे हैं। उसके बाद वह मलबे में दबे सामान आदि को निकालेंगे। उसे पड़ोसी के घर में शिफ्ट करेंगे। पूर्व प्रधान महीप पांडे ने प्रभावित परिवारों को तत्काल अहैतुक मदद करने की मांग की है। इधर, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि क्षेत्रीय पटवारी को घटना स्थल भेजा गया है। वह मौका मुआयना कर नुकसान का आकलन करेंगे।
