घरेलू सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग करने वालों पर कार्रवाई
जनमंच टुडे। उत्त्तरकाशी। जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करने वालों के खिलाफ पूर्ति विभाग खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान चलाया। जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला के निर्देश पर घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यापारिक प्रतिष्ठानों में उपयोग करने वालों के खिलाफ चलाए गए अभियान में घरेलू गैस के व्यवसायिक उपयोग करते हुए पाए जाने पर कुल 17 सिलेंडर जब्त किए गए, जिनमें से छह सिलेंडरों का मौके पर पर प्रशमन शुल्क ₹13200 वसूला गया। साथ ही पूर्ति विभाग खाद्य सुरक्षा विभाग और नगर पालिका द्वारा नगर में सब्जी की दुकानों पर रेट लिस्ट साफ-सफाई फूड लाइसेंस जांच अभियान चलाया गया। अभियान के लिये पूर्ति विभाग की दो टीमें गठित की गई जिन्होंने माल रोड, भटवाड़ी रोड, बस स्टैंड और काली कमली रोड पर प्रवर्तन कार्रवाई की। इस दौरान नगर पालिका द्वारा साफ सफाई न रखने पर चालान किए। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा फूड लाइसेंस न बनाए जाने पर 5 दुकानों को नोटिस जारी किए गए तथा चेतावनी जारी की गई । जिला पूर्ति अधिकारी संतोष कुमार भट्ट द्वारा बताया गया कि इस माह में इस तरह की कार्रवाई दूसरी बार की गई है, ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रखी जाएगी। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार ऐसे अभियानों में विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर साझा निरीक्षण और जांच की करवाई की जाएगी।
