स्वच्छता को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं : राज्यपाल
जनमंच टुडे। देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’ के तहत राजभवन परिसर में सफाई अभियान की शुरूआत की। स्वच्छता अभियान की शुरुआत करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री के आह्वान पर ‘स्वच्छता के लिए लोगों से एक घंटे के श्रमदान’ की अपील की। इस अवसर पर राजभवन के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी ‘देशव्यापी स्वच्छता अभियान’ में शामिल हुए और राजभवन परिसर के अलावा राजभवन सचिवालय परिसर में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि स्वच्छता को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं, तभी हम भारत को स्वच्छ और समृद्ध बना सकते हैं। राज्यपाल ने कहा कि हमें विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्वच्छता के प्रति जागरूक और संवेदनशील होने की आवश्यकता है। हम अपने चारों ओर स्वच्छता के लिए नए आयाम विकसित कर सकते हैं।
