राजनीति मेरे लिए शक्ति का साधन नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है : चौहान

देहरादून/ सतपुली। सतपुली  नगर में  नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए हो रहे  चुनाव के लिए प्रचार चरम पर है,और प्रत्याशी घर, घर दस्तक देकर मतदाताओं को अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं।

यहां  कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला होगा। कांग्रेस ने नगर के युवा उद्योगपति और प्रमुख समाजसेवी जितेंद्र चौहान को मैदान में उतारा है, जबकी भाजपा ने  अंजना वर्मा पर फिर से एक बार विश्वास जताया है। दो हजार सात सौ 66 मतदाताओं वाले नगर पंचायत सतपुली में कांग्रेस के जितेंद्र चौहान के चुनावी मैदान में उतरने से स्थानीय राजनीति में हलचल मची हुई है। युवा, शिक्षित, कर्मठ समाजसेवी की स्वच्छ छवि ने जितेंद्र चौहान को जनता के बीच एक मजबूत दावेदार बना दिया है।

चौहान के चुनावी समर में उतरने और जनता का भारी जनसमर्थन मिलने से विपक्षी प्रत्याशियों की नींद उड़ी हुई है और उन्हें अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती नजर आ रही है। सतपुली नगरवासियों ने जितेंद्र चौहान के चुनाव लड़ने के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि जितेंद्र की ईमानदारी, कर्मठता , समाजसेवा का जुनून, नगर को चहुंमुखी विकास की ओर ले जाएगी।

जितेंद्र की नगर को बेहतर बनाकर यहां के लोगों को रोजगार के साधन उपलब्ध कराने, नयार घाटी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने, शहर के नगरों की भांति सुविधाएं विकसित कर सतपुली को विकसित करने की सोच उन्हें अन्य दलों के  प्रत्याशियों से अलग बनाती है।

सतपुली के निवासियों ने कहा कि जिनको पहले नगर की सत्ता सौंपी थी, वह उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाये हैं। नगर की जो समस्या पहले थी आज भी जस की तस है। इसलिए परिवर्तन जरूरी है।  नगरवासियों ने कहा कि जितेंद्र सतपुली की जन समस्याओं को समझते और उनका समाधान करने के लिए उपयुक्त प्रत्याशी हैं ।

नगर के विकास के लिए सत्ता परिवर्तन जरूरी है। नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी जितेंद्र चौहान ने नगर के चहुमुंखी विकास के लिए स्थानीय जनता से सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि वह  जनता की सेवा और नगर के विकास के लिए चुनावी मैदान में हैं। कांग्रेस के नगर पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र चौहान ने कहा कि  राजनीति में कदम रखने और नगर पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव लड़ने के पीछे की प्रेरणा को समाजसेवा की भावना बताया। उन्होंने कहा कि समाज सेवा को राजनीति से और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है, इसी भावना को लेकर वह चुनाव लड़ रहे हैं।

चौहान ने कहा, कि “राजनीति मेरे लिए शक्ति का साधन नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है। उन्होंने कहा कि समाजसेवा मेरी पहली प्राथमिकता है।  श्री चौहान ने कहा कि मेरा उद्देश्य सतपुली के विकास और जनता की भलाई के लिए काम करना है। उन्होंने कहा कि वह सतपुली की समस्याओं से भली भांति परिचित हैं और इनका समाधान राजनीति में रहकर अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकता है। मेरा उद्देश्य जनता की समस्याओं को हल करना और सतपुली के विकास को नई दिशा देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *