अज्ञात वाहन ने खड़ी स्कूटी में टक्कर मारी, महिला की मौत

अल्मोड़ा। नगर से सटे फलसीम क्षेत्र में उदयशंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी के पास एक अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे खड़े दंपति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दंपति स्कूटी समेत गहरी खाई में जा गिरे। हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतका की पहचान रफीका बेगम (30) पत्नी बापी मंडल उर्फ अब्दुल मलिक मंडल (45) निवासी कमर कुंडू थाना सिंगूर, कोलकाता (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। दंपति वर्तमान में अल्मोड़ा के गोपालधारा क्षेत्र में रहते थे। वे अपने रिश्तेदारों के साथ गरुड़ से अल्मोड़ा घूमने आए थे और वापसी के दौरान उनके साथ हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दंपति और उनके रिश्तेदार अलग-अलग दोपहिया वाहनों से सड़क किनारे रुके और फोटो खींच रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आए एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बापी मंडल और उनकी पत्नी स्कूटी सहित करीब 30 मीटर गहरी खाई में गिर गए।हादसे की सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। बापी मंडल एक चीड़ के पेड़ में अटके मिले, जबकि उनकी पत्नी नीचे सड़क किनारे झाड़ियों में गिरी मिली। रफीका बेगम को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed