विनोद खंडूड़ी की दावेदारी ने बढ़ाई दावेदारों की बेचैनी

Oplus_131072

देहरादून।  आगामी 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर देहरादून की हॉट सीटों में शुमार रायपुर विधानसभा सीट पर सियासी पारा चढ़ने लगा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व सैनिक विनोद खंडूड़ी ने रायपुर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के टिकट के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी है। उनकी सक्रियता और दावेदारी के बाद उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है, वहीं इस सीट से टिकट की आस लगाए बैठे अन्य दावेदार और स्थानीय नेताओं के खेमे में  खंडूड़ी के सक्रिय होने से खलबली मच गई है। रायपुर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व सैनिकों और पर्वतीय मूल के मतदाताओं की बड़ी संख्या को देखते हुए विनोद खंडूड़ी की दावेदारी को राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है। पार्टी के  अनुशासित सिपाही खण्डूड़ी लंबे समय से क्षेत्र में जनसंपर्क अभियानों, सामाजिक कार्यक्रमों और पार्टी के संगठनात्मक आयोजनों में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर उनके समर्थकों के साथ ही लोकप्रियता का दायरा तेजी से बढ़ा है। विनोद खंडूड़ी की दावेदारी सामने आने के बाद उनके समर्थक उन्हें एक मजबूत और स्वच्छ छवि के विकल्प के रूप में पेश कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, टिकट की कतार में लगे अन्य नेताओं ने भी अपनी लॉबिंग और जनसंपर्क तेज कर दिया है और अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं। ऐसे में विनोद खंडूड़ी की ओर से ताल ठोके जाने के बाद पार्टी के भीतर टिकट के समीकरण और भी रोचक हो गए हैं।  साथ ही रायपुर सीट पर बढ़ती दावेदारों की  दौड़ ने सिटिंग विधायक के साथ ही स्थानीय राजनीति में नई हलचल  पैदा कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *