बडोनी के त्याग एवं बलिदान को सदैव याद किया जाएगा : राज्यपाल
देहरादून। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन के अग्रणी नेता व पहाड़ के गांधी इंद्रमणि बडोनी की जयंती पर उन्हें नमन किया और भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इस मौेके पर अपने संदेश में राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण के आंदोलन में स्व बडोनी का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। राज्य की कला एवं संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने का श्रेय भी स्व बडोनी को ही जाता है।

स्व बडोनी को उनके त्याग एवं बलिदान के लिए सदैव याद किया जाता रहेगा। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उत्तराखंड आंदोलन के प्रणेता स्व इंद्रमणि बडोनी की जयंती पर उनका स्मरण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आंदोलन में बडोनी का नाम हमेशा स्वर्णिम अक्षरों में अंकित रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बडोनी 1994 के राज्य आंदोलन के सूत्रधार थे, वे देवभूमि के संस्कारों के अग्रदूत व पहाड़ के सच्चे हितैषी थे। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों के विकास के लिये उनकी संकल्पना एवं राज्य निर्माण के संघर्ष में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।
