जल कलश यात्रा के दर्शन से होता है पापों का हरण होता
ऊखीमठ। क्यूजा घाटी के कोटखाल हरिनगर में आयोजित 10 दिवसीय श्रीराम कथा के आठवें दिन 51 जल कलशो से भव्य जल कलश यात्रा निकाली गयी जिसमें लगभग 80 श्रद्धालुओं ने भाग लिया। जल कलश यात्रा में सोशल दूरी व मास्क का प्रयोग जरुरी माना गया है। श्रीराम कथा का 22 अप्रैल को बह्मभोज के साथ समापन होगा! श्री राम कथा के आयोजन से सम्पूर्ण क्यूजा घाटी का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है । श्रीराम कथा के आठवें दिन प्रदेश सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार लगभग पांच दर्जन श्रद्धालु स्थानीय वाद्ययंत्रों के साथ श्रीराम कथा स्थल से लगभग 1 किमी दूर नन्दा देवी के प्राकृतिक जल स्रोत पर पहुंचे जहां पर पण्डित आशुतोष नौटियाल ने पंचाग पूजन के तहत अनेक पूजाये सम्पन्न कर हवन किया तथा 51 जल को सजाकर आरती की तथा ठीक दस बजे जल कलश यात्रा कथा स्थल के लिए रवाना हुई।

जल कलश यात्रा सीढीनुमा खेत खलिहानों से होते हुए बासवाडा – मोहनखाल मोटर मार्ग पर पहुंची तो जय मां गंगे, हर हर के उदघोष के साथ पुष्प अक्षत्र से भव्य स्वागत किया। श्रद्धालुओं की जयकारों से सम्पूर्ण क्यूजा घाटी वातावरण भक्तिमय बना रहा। जल कलश यात्रा के कथा स्थल पर पहुंचते ही कई देवी – देवता नर रूप में अवतरित हुए तथा भक्तों को आशीष दिया। जल कलश यात्रा के प्रधान कलश से मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीरामचंद्र तथा ब्यास पीठ का जलाभिषेक किया गया तथा शेष कलशो का जल भक्तों को प्रसाद स्वरूप वितरित किया गया। जल कलश यात्रा के पावन अवसर पर कथावाचक राधिका केदारखण्डी ने कहा कि देव स्थलों में निकली जल कलश यात्रा के दर्शन मात्र से जन्म – जन्मान्तरो से लेकर कल्प – कल्पान्तरो के पापों का हरण होता है।

श्रीराम कथा में नागेश्वरी कीर्तन मण्डली के संयोजक हरिहरा नन्द गिरी, ऋषिराज, विवेक, नवीन जोशी द्वारा संगीत पर साथ दिया जा रहा है । इस मौके पर पण्डित गया दत्त नौटियाल, श्रीराम कथा सचिव रघुवीर सिंह बिष्ट, अवतार सिंह नेगी, कृष्णा देवी, रधुनाथ सिंह नेगी, रामचंद्र सिंह नेगी, लक्ष्मण सिंह नेगी,सरोप सिंह नेगी,भरत सिंह नेगी,बबीता देवी, रविन्द्र सिंह, बिक्रम सिंह, राज किरण, नरेश,विजय पोखरियाल, कमल सिंह संध्या, हरिशंकर, प्रदीप सिंह, आशा देवी, भुवनेश्वरी देवी, हेमलता देवी, सुनीता देवी , कुलदीप सिंह नेगी, भक्त दर्शन रावत, बिक्रम सिंह नेगी प्रदीप सिंह बिष्ट, यदुवीर सिंह रावत, प्रदीप सिंह नेगी सहित कई राम भक्त मौजूद थे।
लक्ष्मण सिंह नेगी, वरिष्ठ पत्रकार ऊखीमठ।
