मानवता हुई शर्मसार, 10 घण्टे बीच रास्ते में पड़ा रहा वृद्धा का शव
जनमंच टुडे/ श्रीनगर। खिर्सू विकासखंड की कोल्ठा ग्राम पंचायत के उज्जवलपुर गांव में एक बुजुर्ग महिला का शव गांव के मुख्य मार्ग पर पड़ा रहा, लेकिन कोरोना के डर सेे किसी ने शव को नहीं उठाया। शव करीब 10 घण्टे तक जस की तस पड़ा रहा। सोशल मीडिया पर शव की वीडियो वायरल होने के बाद एक एंबुलेंस आई, जरूर लेकिन उसने भी शव को नहीं उठाया और बैरंग लौट गई। आखिरकार शाम 6 बजे परिजन व गांव के कुछ ग्रामीण शव उठाने को तैयार हुए। जानकारी के अनुसार विकासखंड खिर्सू की ग्राम पंचायत कोल्ठा के उज्जवलपुर गांव का एक बुजुर्ग दंपति कुछ दिन पहले देहरादून से गांव लौटा था। शुक्रवार को बुजुर्ग दंपति की अचानक तबियत खराब हो गई और इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव तक पहुंचती इससे पूर्व बुजुर्ग महिला की गांव के रास्ते में ही मौत हो गई। व साथ में चल रहे बुजुर्ग को स्वास्थ्य विभाग की टीम उपचार के लिए मेडिकल कालेज श्रीनगर के बेस अस्पताल में ले गई। बुजुर्ग दंपति के कोरोना संक्रमित होने की संभावना को देखते हुए गांव का कोई भी व्यक्ति महिला के शव के नजदीक नहीं आया और गांव के मुख्य मार्ग पर महिला का शव पडा रहा। रास्ते मे शव पड़े होने की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी। मीडिया कर्मियों व ग्रामीणों ने घटना की जानकारी स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन को भी दी। सूचना पर गांव के समीप एक एंबुलेंस आई, लेकिन शव को ले जाने के बजाय एंबुलेंस खाली ही वापस लौट गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी गांव में कुछ पीपीई किट फेंक कर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ दिया। शव करीब शाम 6 बजे तक रास्ते में ही पड़ा रहा। बाद में परिजनों व ग्रामीणों ने ही शव को उठाने का निर्णय लिया।
