गढ़वाल मंडल के सभी जिलों में कोविड कर्फ्यू
जनमंच टुडे
देहरादून के साथ ही पौड़ी, चमोली, टिहरी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत व बागेश्वर के जिलाधिकारियों ने अपने-अपने जिलों के नगर निकायों, कस्बों व ग्रामीण बाजारों में भी कोविड कर्फ्यू के आदेश जारी कर दिए हैं। कर्फ़्यू 10 मई तक रहेगा। बताया गया कि अल्मोड़ा व पिथौरागढ़ जिलों में गुरुवार को इस बारे में फैसला लिया जाएगा। बता दें कि, उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के दृष्टिगत मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने बुधवार देर शाम को देहरादून में मौजूद कैबिनेट मंत्रियों बंशीधर भगत, सुबोध उनियाल व हरक सिंह रावत के साथ अनौपचारिक बैठक की। बैठक में प्रदेश में कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार पर चिंता जताई गई। इस मौके पर लॉकडाउन को लेकर भी चर्चा हुई, मगर फिलहाल प्रभावित क्षेत्रों में पूर्ण कर्फ्यू लगाने और कोविड की गाइडलाइन का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने को सख्ती बरतने पर जोर दिया गया। वही कोरोना पूर्ण कर्फ्यू के दौरान सब्जी व दूध की दुकानें दोपहर 12 बजे तक खुलेंगी। परचून की दुकानों को एक दिन छोड़कर खोलने के निर्देश दिए गए हैं। इनकी समय सीमा भी दोपहर 12 बजे तक ही रहेगी। मेडिकल स्टोर, पेट्रोल पंप पूरे दिन खुलेंगे। सरकारी दफ्तर 50 फीसद उपस्थिति के साथ खुले रहेंगे।
