उरेडा की लापरवाही से गौंडार में 11 महीने से बिजली नहीं

जनमंच टुडे/ ऊखीमठ।

उरेडा  की लापरवाही से सीमान्त ग्राम पंचायत गौण्डार के ग्रामीण विगत 11 माह से अधेरे में जीवनयापन करने को विवश हैं, जबकि गौण्डार को रोशन करने के लिए वर्ष 2014 में 2 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से बनी लघु जल विद्युत परियोजना के रख – रखाव पर प्रति वर्ष दैवीय आपदा मद से लाखों रुपये व्यय होने से स्पष्ट हो गया है कि गौण्डार गाँव में बनी लघु जल विद्युत परियोजना विभागीय अधिकारियों के लिए दुधारू गाय साबित होती जा रही है। बता दे कि मदमहेश्वर घाटी की सीमान्त ग्राम पंचायत गौण्डार सहित विभिन्न तोको को रोशन करने के लिए वर्ष 2014 में लगभग 2 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से लघु जल विद्युत परियोजना का निर्माण किया गया था। लघु जल विद्युत परियोजना के निर्माण में भारी लापरवाही व गुणवत्ता को दर – किनार किये जाने से लघु जल विद्युत परियोजना पहले से ही विवादों में रही।

निर्माण के बाद भी लघु जल विद्युत परियोजना के रख – रखाव पर दैवीय आपदा मद से प्रति वर्ष लाखों रुपये व्यय होने से कार्यदायी संस्था व उरेडा की कार्य प्रणाली सवालों के घेरे में आने स्वाभाविक ही है। विगत वर्ष 20 जुलाई को मदमहेश्वर घाटी में मूसलाधार बारिश होने व मधु गंगा का वेग उफान पर आने से लघु जल विधुत परियोजना की नहर तथा पावर हाउस के क्षतिग्रस्त होने से विद्युत उत्पादन ठप हो गया था व ग्रामीण अन्धेरे में रात्रि गुजारने को विवश हो गये थे। 11 माह का समय गुजर जाने के बाद भी लघु जल विद्युत परियोजना का विधुत उत्पादन ठप होने से विभाग की कार्य प्रणाली सवालों के घेरे में आ गयी है।  पूर्व प्रधान भगत सिंह पंवार ने बताया कि 11 माह से ग्रामीण अन्धेरे में रात्रि गुजारने को विवश है। आगामी बरसात में ग्रामीणों की समस्या अधिक बढ़ सकती है। क्षेत्र पंचायत सदस्य बलवीर भटट् ने बताया कि 11 माह बाद भी शासन – प्रशासन द्वारा क्षतिग्रस्त लघु जल विधुत परियोजना की सुध न लेने से साफ जाहिर हो गया है कि शासन प्रशासन की अनदेखी के कारण मदमहेश्वर घाटी उपेक्षित है! ग्रामीण मदन सिंह पंवार का कहना है कि विद्युत उत्पादन ठप होने से नौनिहालों का पठन – पाठन अधिक प्रभावित हो रहा है! वही दूसरी ओर उरेडा विभाग से सम्पर्क करना चाहा मगर सम्पर्क नहीं हुआ।

वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मण सिंह नेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *