पौड़ी में भारी बारिश से 82 सम्पर्क मार्ग अवरुद्ध

जनमंच टुडे/ पौड़ी।

भारी बारिश के चलते जनपद में कई सम्पर्क मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गए हैं। मार्ग अवरुद्ध होने से लोगो को आवाजाही करने में मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। डीएम ने सम्बन्धित विभाग के अफसरों को जल्द से जल्द मार्ग खोलकर यातायात सुचारू करवाने के निर्देश दिए हैं, जिससे लोगों को आवाजाही करने में कोई परेशानी न हो।

जनपद के आपदा कंट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार शाम 4 बजे तक बारिश के चलते जनपद के 82 ग्रामीण मार्ग अवरुद्ध हो गए है। जिलाधिकारी गढ़वाल डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे, जनपद में बारिश के चलते हो रहे घटनाक्रमों पर पल-पल की जानकारी सम्बन्थित विभाग के अधिकारियों से ले रहे हैं। जिलाधिकारी के दिशा- निर्देशनों के अनुपालन के क्रम में कंट्रोल रूम पर तैनात अधिकारी, कर्मचारी जनपद में बारिश से हुई घटनाक्रमों की सूचनाओं को जुटाते हुए क्षेत्र में तैनात रेखीय विभाग के अधिकारी/ कार्मिकों को मार्ग सुचारू करने / आवश्यक कार्रवाई हेतु सूचना प्रदान कर रहे हैं। वही बैजरो, पोखड़ा, सतपुली मोटर मार्ग  से मलबा हटा कर यातायात संचालित कर दिया गया है।


जानकारी के अनुसार बगोलीधार-दोनंदल, बनेख-दिउसी-थापला, घंडियाल-पाली-डांगी, गडथ-बजूण, स्यालकाल-पवई, बहेड़ाखाल-असालू, कोलाखाल-जयकोट, कोट मल्ला-कोट तल्ला, गवाण-कमलखेत, सतपुली-दुधारखाल, पोखरी-गडेथ सहित 82 ग्रामीण मार्ग भारी वर्षा के चलते अवरुद्ध हो गए हैं।


वहीं जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने संबंधित अधिकारियों को अवरुद्ध हुए मार्गों को जल्द सुचारू करने  के लिए युद्ध स्तर पर कार्य करने के निर्देश दिये हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *