प्रदेश में 20 जुलाई तक बढ़ा कोरोना कर्फ़्यू
जनमंच टुडे/देहरादून।
सरकार ने कोरोना कर्फ्यू को एक सप्ताह के लिए और बढ़ा दिया है। अब प्रदेश में 20 जुलाई तक कोरोना कर्फ़्यू रहेगा। कोरोना कर्फ्यू के दौरान सुबह 8 से शाम 7 बजे तक बाजार खुले रहेंगे। इसके अलावा एयरपोर्ट और हिल स्टेशन के लिए नियम बदले गये हैं। शादियों में 50 लोग कोरोना निगेटिव रिपोर्ट के साथ शामिल हो सकते हैं, शवयात्रा में 50 लोग शामिल हो सकते हैं। सिनेमा हॉल, स्विमिंग पूल, मनोरंजन पार्क, थियेटर, ऑडोटोरियम बंद रहेंगे। जिम और शापिंग मॉल कोरोना नियमों के साथ 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खुलेंगे। राज्य में विभिन्न पर्यटक स्थलों पर वर्तमान में सप्ताहांत (वीकेंड) में हो रही भीड़ का आंकलन करते हुए आवाजाही पर प्रतिबन्ध को लेकर जिलाधिकारी फैसला लेंगे। सरकार के प्रवक्ता एवं कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि सरकार कोरोना संक्रमण के नियंत्रण को लेकर लगातार चिंतित है और बचाव के लिए हर संभव तरीके अपनाए जा रहे हैं। बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों की बॉर्डर पर ही जांच की जा रही है। आरटी पीसीआर की रिपोर्ट चेक की जा रही है, नेगेटिव जांच रिपोर्ट होने पर ही उन्हें उत्तराखंड में प्रवेश दिया जा रहा है। जिस के पास रिपोर्ट नहीं है उनको बॉर्डर से ही वापस किया जा रहा है। पर्यटन स्थलों पर भी पुलिस और स्वास्थ विभाग की टीमें लगातार सक्रिय बनी हुई हैं। बाहर से आने वाले लोगों की होटलों में चेकिंग की जा रही है। मास्क बिना घूमने वाले पर्यटकों का चालान भी किया जा रहा है।
