मैं नेता नहीं, पार्टी का कार्यकर्ता हूँ : महर्षि
जनमंच टुडे/ देहरादून।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी श्रम विभाग मुख्य प्रवक्ता गीताराम जायसवाल ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव महर्षि के उत्तराखंड कांग्रेस के मीडिया प्रभारी बनने पर खुशी जताई है। जायसवाल ने कहा कि महर्षि कांग्रेस के सच्चे सिपाही होने के साथ ही एक समाज सेवक भी है। वह हमेशा समाज मे फैली समस्याओं के समाधान के लिए लड़ते रहे हैं। राजीव महर्षि ने जिम्मेदारी सौपने पर संगठन एवं पार्टी हाईकमान का धन्यवाद ज्ञापित किया है। महर्षि ने कहा कि पार्टी ने मुझे जो जिम्मेदारी दी है मैं उस पर पूरी तरह से खरा उतरने का भरसक प्रयास करूंगा। राजीव ने कहा कि “मुझे प्रदेश कांग्रेस पार्टी के मीडिया प्रभारी के रूप में कमान देने पर बेहद खुशी है। मेरी निर्दिष्ट भूमिका को देखते हुए, मेरा उद्देश्य उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया रिलेशन्स को पूरी लगन के साथ संभालना है। उन्होंने कहा कि वह अपनी विचारधाराओं के तहत खुद को पार्टी का नेता नहीं बल्कि एक सक्रिय आम कार्यकर्ता मानते हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी ने 2007 में कांग्रेस प्रवक्ता के रूप में काम करने की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके बाद उन्हें पार्टी ने 2016 में कांग्रेस मीडिया कमेटी का अध्यक्ष बनाया था। राजीव महर्षि ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत 1979 में डीएवी कॉलेज से की थी। इसके बाद वह कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई में शामिल हो गए और महासचिव, गढ़वाल के रूप में काम किया। इसके बाद वह उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के कार्यकारी सदस्य बने। आधिकारिक तौर पर 1989 में वह कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए। उन्होंने 1991 में चुनावों के दौरान वरिष्ठ चुनाव समन्वयक के रूप में कमान संभाली।राजीव के कांग्रेस के मीडिया प्रभारी बनने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी है।
