पूर्व सैनिकों के लिए खुली भर्ती
जनमंच टुडे/देहरादून।
पूर्व सैनिकों व वन विभाग से सेवानिवृत्त महिला कर्मचारियों के लिए 127 प्रादेशिक सेना (पर्यावरण बल), गढ़वाल राइफल्स की ओर से गढ़ी कैंट में सेना भर्ती का आयोजन किया जाएगा। सिपाही जनरल डय़ूटी व ट्रेडमैन के लिए यह भर्ती छह से नौ सितंबर तक होगी। प्रादेशिक सेना के कमान अधिकारी ने बताया कि जनरल डय़ूटी (सिपाही) के 69, कुक, नाई व कारपेंटर के एक-एक पद के लिए भर्ती होगी। भर्ती में सेवानिवृत सैनिक और राज्य वन विभाग की सेवानिवृत्त महिला कर्मचारी ही शामिल हो सकते हैं।
महिला कर्मचारी को वन विभाग में कम से कम बीस साल नौकरी कर चुकी हों। बताया कि गढ़ी कैंट में आगामी छह सितंबर से सुबह सात बजे से भर्ती रैली का आयोजन जाएगा। जिसके लिए अभ्यर्थी की आयु 50 साल से कम होनी चाहिए। उन्हें डिस्चार्ज बुक की मूल प्रति, सेना सामूहिक जीवन बीमा द्वारा जारी प्रमाण पत्र की मूल एवं छायाप्रति व पेंशन भुगतान आदेश की मूल प्रति और पासपोर्ट साइज आठ फोटोग्राफ साथ लाना होगा। बताया कि भर्ती होने पर सालभर में केवल आठ माह ही सेवा होगी। उसी दौरान के वेतन-भत्ते मिलेंगे। भर्ती में अभ्यर्थियों को 72 घंटे के भीतर की कोरोना की आरटी-पीसीआर निगेटिव जांच रिपोर्ट साथ लानी होगी। इसके बाद ही उन्हें भर्ती रैली में शामिल होने दिया जाएगा।
