भव्य रूप से मनाया जाएगा महोत्सव
जनमंच टुडे/ ऊखीमठ।
तल्ला नागपुर औद्योगिक विकास कृषि एवं पर्यटन महोत्सव समिति की बैठक अध्यक्ष प्रताप सिंह मेवाल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में पांच दिवसीय तल्ला नागपुर के आयोजन हेतु तिथि निर्धारित की गयी। महोत्सव को भव्य रुप देने के लिए आगामी 10 अक्टूबर को दूसरी बैठक आहूत करने का निर्णय लिया गया। तल्ला नागपुर के चोपता में महोत्सव मेला समिति के पदाधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया है । आगामी 28 अक्टूबर से 1 नवम्बर तक पांच दिवसीय तल्ला नागपुर औद्योगिक विकास कृषि एवं पर्यटन महोत्सव का आयोजन किया जायेगा। मेले के उदघाटन के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को निमन्त्रण दिया जायेगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि महोत्सव को भव्य रूप देने के लिए अगली बैठक 10 अक्टूबर को आहूत की जायेगी एवं ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, जिला पंचायत सदस्यों, वन पंचायत सरपंचों से सुझाव मांगे जाएंगे और महोत्सव के सफल संचालन के लिए विभिन्न उप समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां दी जायेगी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया है महोत्सव में स्थानीय शैक्षणिक संस्थाओं, नव युवक मंगल दलों, महिला मंगल दलों, स्थानीय कलाकारों व संस्कृति विभाग के सास्कृतिक कार्यक्रमों में धूम रहेगी। यह भी निर्णय लिया गया कि महोत्सव में जनपद स्तरीय विभागों द्वारा स्टाल लगाकर काश्तकारों व ग्रामीणों को प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जायेगी। इस मौके पर उपाध्यक्ष गोकुल लाल टमटा, सचिव महेन्द्र नेगी, कोषाध्यक्ष दीप राणा, उप कोषाध्यक्ष पंचम नेगी, मीडिया प्रभारी लक्ष्मण बर्त्वाल, व्यापार संघ अध्यक्ष योगम्बर कुनियाल, अरविन्द नेगी, मानवेन्द्र सजवाण, शूरवीर खत्री, जयवीर सिंह नेगी, दीपक रावत मौजूद थे।
- ऊखीमठ से वरिष्ठ पत्रकार, लक्ष्मण सिंह नेगी।
