अब स्वयं सहायता समूह करेंगे जंगलों की रक्षा
जनमंच टुडे/अल्मोड़ा।
अल्मोड़ा जिले की जिलाधिकारी वंदना की अपील पर जिले की सभी सहायता समूहों, युवा, महिला मंगल दल समेत कई सहायता समूहों और संगठन जंगलों को दावाग्नि से बचाने के लिए मैदान में उतर गए हैं और जंगलों में लगी बेकाबू आग को काबू कर रहे हैं। डीएम ने विगत दिनों जिले के वासियों के साथ ही जिले के सभी सहायता समूहो और संगठनों से दावाग्नि की घटनाओं पर काबू पाने के लिए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की थी। डीएम ने अपील करते हुए कहा था कि वनों की सुरक्षा के लिए सबको एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा कि पर्यावण की सुरक्षा के लिए वनों की सुरक्षा बेहद जरूरी है । जिलाधिकारी ने ग्राम्य विकास विभाग को निर्देश दिए कि सभी स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को वनाग्नि की रोकथाम के दौरान विशेष सतर्कता एवं सुरक्षा कैसे बरते, इसे लेकर उन्हें समय-समय पर जानकारी दे, ताकि आग बुझाते समय कोई अनहोनी न हो और उनकी सुरक्षा बनी रहे। डीएम की अपील पर पूरे जनपद में कार्यरत् स्वयं सहायता समूह, महिला सहायता समूह एवं ग्रामीण संगठन एकजुट होकर जंगलों में लगे आग पर काबू करने में जुटे हुए हैं। सहायक परियोजना अधिकारी डीआरडीए चन्दा फर्त्याल ने बताया कि अल्मोड़ा जिले में 2712 स्वयं सहायता समूह और 338 ग्राम संगठन है, जो दावाग्नि को काबू में करके जंगलों की रक्षा में लगे हुए हैं।
