नकली नोटों के साथ 4 गिरफ्तार
जनमंच टुडे/ नई टिहरी। चारधाम यात्रा के दृष्टिगत जनपद में पुलिस द्वारा चलाये जा रहे सघन चेकिंग अभियान में थाना देवप्रयाग में नकली नोटों के साथ हरियाणा के 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में एक दिल्ली पुलिस का सिपाही भी शामिल है। प्रभारी निरीक्षक देवप्रयाग के नेतृत्व में चारधाम यात्रा के मद्देनजर चलाईं जा रही चेकिंग अभियान के अंतर्गत पुलिस ने वाहन HR 10AC/ 9147 को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने कार को तेजी से भगाने का प्रयास किया। इस पर पुलिस ने कार को रोक लिया। पुलिस ने उक्त वाहन में बैठे 4 व्यक्तियों से पूछताछ की। इस दौरान उनकी तलाशी लेने पर उनके पास से 200 रुपये के 4 जाली नोट मिले, जिस पर कार 4 व्यक्तियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उसके बाद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह गुड़गांव हरियाणा में जाली नोटों को प्रिंट कर अलग-अलग शहरों में जाकर दुकानदारों से छोटी-छोटी चीजें लेकर नोटों को चलाते हैं । उनका इरादा चारधाम यात्रा मार्गों पर भारी मात्रा में नकली नोट चलाने की थी। पूछताछ में पकड़े गए आरोपितों में एक दिल्ली पुलिस का आरक्षी है। पकड़े गए आरोपितों में अपना नाम सचिन पुत्र राजकुमार निवासी ग्राम छपरा थाना राय जिला सोनीपत हरियाणा, हितेश पुत्र ओमप्रकाश निवासी बीपीओ थाना कुंड जिला रेवाड़ी हरियाणा, दीपक कुमार पुत्र जगदीश सिंह निवासी ग्राम छपरा बहादुरपुर थाना कुंडली जिला सोनीपत हरियाणा, मोहित पुत्र रविंद्र कुमार निवासी बीपीओ थाना कुंड जिला रेवाड़ी हरियाणा बताया।
