बम-बम भोले के जयकारों से गूंजे शिवालय
देहरादून/ कोटद्वार/ सतपुली। एकेश्वर। सावन के दूसरे सोमवार प्रदेशभर के मन्दिर भोले के जयकारों से गुंजयमान रहे। शिवालयों पर जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक करने के लिए सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें लगी रही। सावन के दूसरे सोमवार को प्रदेशभर के शिवमंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालु मंदिरों में जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। तड़के चार बजे से जलाभिषेक के लिए शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी थी। देहरादून के टपकेश्वर, पृथ्वी नारायण मंदिर समेत शहर के तमाम मंदिरों में सुबह से ही जलाभिषेक के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। बालावाला के आनन्द नगर स्थित ज्वालपा मन्दिर समेत कई अन्य मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगी रही। एकेेेश्वर के प्रसिद्ध सिद्ध पीठ एकेश्वर महादेव में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। सतपुली के दंगलेेेश्वर महादेव के साथ ही आसपास के मंदि मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। वहीं कोटद्वार में सावन के दूसरे सोमवार को शिवभक्तों की शिवालयों में भीड़ उमड़ी। कोटद्वार के प्रसिद्ध सिद्धबली मंदिर ,देवी मंदिर व आसपास के तमाम छोटे बड़े शिवालयों में शिव भक्तों का तांता लगा रहा। वहीं हरिद्वार में कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ी है। सावन के दूसरे सोमवार पर डाक कांवड़ और बाइकर्स कांवड़ यात्रियों का सैलाब ही उमड़ आया।
सावन के दूसरे सोमवार को हरकी पैड़ी के गंगा घाटों से लेकर हाईवे और पूरा हरिद्वार शिवभक्तों से भरा हुआ है। हर तरफ बम-बम भोले के जयकारों से धर्मनगरी शिवमय हो गई। रविवार को लगभग 70 लाख कांवड़ यात्री गंगा जल भरकर रवाना हुए। कांवड़ मेले में अभी तक आने वाले शिवभक्तों का आंकड़ा तीन करोड़ को पार कर गया है। हरकी पैड़ी सहित सभी गंगा घाटों पर जल भरने वालों की भारी भीड़ है। यहां कांवड़ियों का जल लेकर रवाना होना जारी है। वहीं ऋषिकेश में भी कांवड़ यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। त्रिवेणीघाट, पूर्णानंद घाट समेत सभी घाटों पर कावड़ियों का रेला उमड़ पड़ा। तीर्थनगरी के प्राचीन चन्द्रेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए भक्तों की भारी भीड़ जुटी हुई है। हरकी पैड़ी क्षेत्र के गंगा घाटों के अलावा शहर के घाट भी शिवभक्तों से खचाखच भरे हुए हैं। वहीं नीलकंठ महादेव में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। यहां जलाभिषेक के लिए रात से ही भक्त लाइन में लगे हुए हैं।

