अफसरों को गैरहाजिर रहना पड़ा भारी

जनमंच टुडे/ पौड़ी। जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे की अध्यक्षता में आज विकासखण्ड जयहरीखाल  में  तहसील दिवस का आयोजन किया गया। तहसील दिवस पर फरियादियों ने डीएम को अपनी समस्याएं गिनाईं। इस मौके पर 47 शिकायतें दर्ज हुई, जिसमें से 26 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।  शेष शिकायतों पर डीएम ने अधिकारियों को जल्द कार्यवाही कर उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने 15 दिनों के भीतर  सभी शिकायतों/समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। बैठक में अनुपस्थित रहने पर क्षेत्रीय वन अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोनिवि, दुगड्डा, जल निगम कोटद्वार विद्युत विभाग सतपुली का स्पष्टीकरण कर एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों का वेतन तब तक आहरित नहीं किया जाएगा जब तक वह अपने विभागों की शिकायतों का निस्तारण करते हुए जिला कार्यालय को अवगत नहीं कराते। जिलाधिकारी ने बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य व पीएमजीएसवाई के अधिकारी आधी अधूरी तैयारी के साथ उपस्थित होने पर चेताया और आगामी बैठकों में पूर्ण तैयारी के साथ आने को कहा।  पेयजल निगम शिकायत पर जिलाधिकारी ने पेयजल की गुणवत्ता जांच करने को कहा। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारी को निर्देशित किया कि पेयजल की क्वालिटी तथा पानी को फिल्टर करना सुनिश्चित करें। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि जहां-जहां नाली निर्माण तथा जहां कलवट बन्द हैं उन्हें खोलने के निर्देश दिए। उन्होंने परिंदा मोटर मार्ग की जांच हेतु राजस्व, लोक निर्माण व वन विभाग को संयुक्त निरीक्षण कर कार्यवाही करने को कहा। साथ ही उन्होंने राजस्व उप निरीक्षक शीला को निर्देशित किया कि हफ्ते में 03 दिन शीला तथा 03 दिन सिंधीखाल बैठे, जिससे स्थानीय लोगों की समस्या का समाधान समय पर हो सकेगा। जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि प्राथमिक विद्यालय बरस्वाड़ को दूसरी जगह शिफ्ट करें, जिससे विद्यालय में अध्ययनरत छात्र छात्राओं को समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ेगा। साथ ही उन्होंने विद्यालय के अधिक बिजली बिल आने की शिकायत पर निर्देशित किया कि निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार या अन्य माध्यम से 15 दिन में बिल जमा करना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लोगों की समस्याओं का निस्तारण तहसील स्तर पर ही करना सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें परेशानियों का सामना करते हुए जनपद मुख्यालय न आना पड़ें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से लेने तथा उनसे बेहतर व्यवहार बनाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। तत्पश्चात जिलाधिकारी ने जयहरीखाल विकासखंड स्थित पेयजल टैंक तथा राजकीय इंटर कॉलेज लैंसडाउन का निरीक्षण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *