जलकलश यात्रा में शामिल होकर पुण्य अर्जित किया
- लक्ष्मण सिंह नेगी
जनमंच टुडे/ऊखीमठ। चन्द्रशिला की तलहटी में बसे भगवान तुंगनाथ धाम में त्रीस जूला महायज्ञ समिति चन्द्र शिला के तत्वावधान में चल रहे तीन दिवसीय महायज्ञ के दूसरे दिन भव्य जल कलश यात्रा निकाली गयी।
जलकलश यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर पुण्य अर्जित किया। आचार्यों ने हवन कुण्ड में आहूतियां डालकर विश्व शान्ति और क्षेत्र के खुशहाली की कामना की जा रही है। महायज्ञ के दूसरे दिन तुंगनाथ धाम वेद ऋचाओं से गुजायमान हो उठा। पूर्णाहुति के साथ कल महायज्ञ का समापन होगा। मंगलवार को तुंगनाथ धाम में आचार्यों ने ब्रह्म बेला पर पंचाग पूजन के तहत अनेक पूजायें सम्पन्न कर भगवान तुंगनाथ सहित तैतीस कोटि देवी – देवताओं का आह्वान किया। श्रद्धालु गाजे-बाजों के साथ तुंगनाथ धाम के निकट प्राकृतिक जल स्रोत पर पहुँचे और ब्राह्मणों ने प्राकृतिक जल स्रोत और जल कलशों की विधिवत पूजा –अर्चना की और आरती उतारी। इसके बाद 51 जल कलशों से सजी जल कलश यात्रा यज्ञ स्थल के लिए रवाना हुई। जल कलश यात्रा के तुंगनाथ मन्दिर परिसर पहुंचने पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पुष्प अक्षत्रों से जल कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया। यात्रा के हवन कुण्ड तुंगनाथ सहित सहायक मन्दिरों की परिक्रमा करने के बाद प्रधान कलश से भगवान तुंगनाथ के स्वयभू लिंग सहित सहायक मन्दिरों का जलाभिषेक किया गया और शेष कलशों का जल श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। जल कलश यात्रा के बाद आचार्यों ने हवन कुण्ड में आहूतियां डालकर कर विश्व समृद्धि की कामना की गयी। इस मौके पर मठापति रामप्रसाद मैठाणी , त्रीस जूला महायज्ञ समिति अध्यक्ष गोपाल सिंह रमोला, चन्द्र प्रकाश मैठाणी, प्रभु दत्त किमोठी , कथावाचक लम्बोदर प्रसाद मैठाणी, भूपेंद्र मैठाणी, मन्दिर समिति यज्ञ प्रभारी प्रकाश पुरोहित, प्रबन्धक बलवीर नेगी, महायज्ञ समिति उपाध्यक्ष तेज राम भटट्, कोषाध्यक्ष त्रिलोक सिंह नेगी, गजेन्द्र सिंह, सचिव त्रिलोक सिंह बर्त्वाल, आशीष मैठाणी, गीता राम मैठाणी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सन्तोष नेगी, सन्दीप बर्त्वाल सहित त्रीस जूला महायज्ञ समिति के पदाधिकारी, सदस्य, विद्वान आचार्य व दोनों क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि व सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद थे।