वेतन के लिए अब नहीं करना पड़ेगा महीनों इंतज़ार
जनमंच टुडे/ देहरादून। स्वास्थ्य महकमे ने केन्द्र पोषित योजनाओं के अंतर्गत कार्यरत विभिन्न श्रेणी के कार्मिकों के वेतन भत्तों के लिए लगभग 90 करोड़ की धनराशि जारी कर दी है। अब एनएचएम एवं अन्य केन्द्र पोषित परियोजनाओं में कार्यरत कार्मिकों को महीनों तक वेतन भत्तों के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) एवं अन्य केन्द्र पोषित योजनाओं के तहत सूबे में तैनात हजारों कार्मिकों को पिछले कई महीनों से वेतन नहीं मिल पाया था, जिसको लेकर कर्मचारी काफी परेशान थे। कार्मिकों को कई महीनों से वेतन न मिलने की जानकारी विभागीय मंत्री डा. धन सिंह रावत को मिली। जिस पर उन्होंने गत सप्ताह विभागीय उच्चाधिकारियों की बैठक बुलाकर फटकार लगाते हुये शीघ्र वेतन भुगतान के निर्देश दिए थे। जिस पर शासन ने एक सप्ताह के अंदर केन्द्र पोषित योजना के अंतर्गत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वेतन भत्तों के लिए लगभग 90 करोड़ की धनराशि जारी कर दी है। इस धनराशि से विभिन्न केन्द्र पोषित योजनाओं में कार्यरत कार्मिकों को पिछले कई महीनों से रूका हुआ वेतन मिल पाएगा।
