गंगा में डूबे दिल्ली के दो युवक
जनमंच टुडे/ ऋषिकेश। मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में नीम बीच पर गंगा में नहाते समय दिल्ली के दो पर्यटक डूब गए। डूबे पर्यटकों की एसडीआरएफ की टीम ने गंगा में तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। अंधेरा घिरने पर तलाशी अभियान रोकना दिया गया है। कल गंगा में पुन:सर्च ऑपरेशन चलाया जायेगा। जानकारी के अनुसार शनिवार दिल्ली से पांच लोग घूमने के लिए ऋषिकेश आए थे। इन पर्यटकों ने दोपहर को ब्रहमपुरी से मुनिकीरेती तक राफ्टिंग की। बताया जा रहा है कि इसी दौरान दल में शामिल दो युवक राफ्टिंग के बाद बिना लाइव जैकेट के गंगा में उतर गए। इसी बीच दोनों पानी के तेज बहाव में आकर डूबने लगे और पलभर में आंखों से ओझल हो गए। सूचना पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और अभियान चलाया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया। गंगा में डूबने वालों की पहचान वंश कौशल(26) पुत्र अनिल शर्मा निवासी प्रशांत विहार दिल्ली व कुमार गौरव (26) निवासी छत्तरपुर फतेहपुर दिल्ली निवासी है।
